Ashok Mittal ED Raid: पंजाब में AAP सांसद अशोक मित्तल पर ED की रेड; घर से लेकर यूनिवर्सिटी तक कई ठिकानों पर छापेमारी

पंजाब में AAP सांसद अशोक मित्तल पर ED की रेड; घर से लेकर यूनिवर्सिटी तक कई ठिकानों पर छापेमारी, CM मान का बड़ा हमला

ED Raid on AAP Rajya Sabha MP Ashok Mittal In Punjab Breaking News

ED Raid on AAP Rajya Sabha MP Ashok Mittal In Punjab Breaking News

Ashok Mittal ED Raid: पंजाब से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रेड करने कार्रवाई की है। जानकारी के अनुसार, पंजाब में बुधवार सुबह से मित्तल के जालंधर स्थित घर से लेकर यूनिवर्सिटी और फार्म हाउस समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। बताया जाता है कि LPU यानि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी फंड के हेरफेर मामले में ED द्वारा यह कार्रवाई की गई है। ज्ञात रहे कि अशोक मित्तल नेता के साथ-साथ एक दिग्गज कारोबारी भी हैं और वह लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के फाउंडर हैं।

ED की रेड पर केजरीवाल का बयान

इधर अपने सांसद अशोक मित्तल पर ED की रेड को लेकर आम आदमी पार्टी सक्रिय हो गई है और इसे लेकर लगातार प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी की चुनावी साजिश बता रही है। AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी पर बड़ा हमला बोला है। केजरीवाल ने कहा कि ''मोदी जी ने पंजाब में चुनावों की तैयारी शुरू कर दी। लेकिन पंजाब के लोग ये बर्दाश्त नहीं करेंगे। बीजेपी को इसका करारा जवाब देंगे।''

CM मान का बड़ा हमला

वहीं अशोक मित्तल पर ईडी की रेड को लेकर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने भी बीजेपी और पीएम मोदी पर बड़ा हमला बोला है। सीएम मान ने कहा, ''भाजपा द्वारा पंजाब चुनाव की तैयारी शुरू… आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद अशोक मित्तल के घर और यूनिवर्सिटी में ED की रेड.. typical मोदी स्टाइल.. सीएम ने आगे शायराना अंदाज में जवाब दिया और कहा, ''हम वो पत्ते नहीं, जो शाख से टूट कर गिर जाएँगे, आंधियो को कह दो अपनी औक़ात में रहें''।

मनीष सिसोदिया बोले- मोदी जी ने चुनावी दस्ता भेजा

पंजाब आम आदमी पार्टी के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा, ''जब भी किस राज्य में चुनाव होता है तो मोदी जी अपनी चुनावी फौज का पहला दस्ता भेजते है-  ED और CBI का...  रेड करने का ड्रामा चलता है... फिर दंगे भड़काने वाली फौज जाती है… उसके बाद अमित शाह और मोदी जी के दौरे होते है। लेकिन मोदी जी ध्यान रखियेगा- ये पंजाब है। यहाँ बाबासाहेब और भगत सिंह से नफ़रत करने वालों की दाल नहीं गलने वाली।''

अनुराग ढांडा ने कहा- तानाशाह की तरह काम हो रहा

आम आदमी पार्टी के नेशनल मीडिया इंचार्ज अनुराग ढांडा ने कहा- ''बीजेपी ने पंजाब चुनाव की तैयारी शुरु कर दी है. आम आदमीं पार्टी के राज्यसभा सांसद और सदन में पार्टी के उपनेता अशोक मित्तल के यहाँ ईडी की रेड चल रही है। क्या बीजेपी कहीं भी अपने दम पर चुनाव नहीं लड़ सकती? क्या बीजेपी जनता के बीच इतनी नकारा हो चुकी है कि उसकी सारी चुनाव  तैयारियाँ ईडी और सीबीआई की कार्रवाई से ही शुरु होती हैं? मोदी सरकार एक तानाशाह की तरह काम कर रही है। पंजाब के लोग आम आदमीं पार्टी के साथ हैं। करते रहो ईडी, सीबीआई बीजेपी वालों।''

AAP ने मित्तल को राज्यसभा में डिप्टी लीडर बनाया

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने हाल ही में राज्यसभा में अपने सांसद राघव चड्ढा को अचानक पार्टी के उपनेता पद से हटाकर डॉ. अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी थी। यानि राघव चड्ढा की जगह मित्तल को AAP राज्यसभा का डिप्टी लीडर बनाया गया था। इसके बाद से राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिल रहा है। खुलकर बगावत हो रही है।