ED ने कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को किया गिरफ्तार; चंडीगढ़ में रेड डालने के बाद बड़ी कार्रवाई, पंजाब की राजनीति में मचा हड़कंप
ED Arrest Sanjeev Arora After Raid In Chandigarh And Various Locations
ED Arrest Sanjeev Arora: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार किया है। शनिवार को चंडीगढ़ सेक्टर-2 स्थित आवास पर छापेमारी के बाद संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की गई। ED संजीव अरोड़ा को यहां से गिरफ्तार कर अब दिल्ली के लिए रवाना हो गई है। वहीं पंजाब के एक पावरफुल मंत्री की गिरफ्तारी से सूबे की राजनीति में हड़कंप मच गया है। ED की कार्रवाई की हलचल पंजाब की सत्ता तक साफ दिख रही है।
क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट्स के अनुसार, केंद्रीय जांच एजेंसी (Enforcement Directorate) संजीव अरोड़ा के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering) की जांच कर रही है। अरोड़ा से संबंधित फ़र्मों के 150 करोड़ से अधिक के वित्तीय हेरफेर और FEMA नियमों का उल्लंघन करते हुए किए गए विदेशी लेन-देन की जांच की जा रही है। ED ने संजीव अरोड़ा से जुड़े कई बैंक खाते अटैच कर लिए हैं और इस नेटवर्क से जुड़े डीमैट खातों व म्यूचुअल फंड होल्डिंग्स को भी फ्रीज़ कर दिया गया है। यानि यह पूरी कार्रवाई (ED Raid on Sanjeev Arora) करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन और घोटाले को लेकर की गई है।
सुबह-सुबह ED ने दी दस्तक
बता दें कि शनिवार सुबह 7 बजे के आसपास ED टीम ने संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ सेक्टर-2 स्थित आवास समेत दिल्ली और गुरुग्राम के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की। इस कार्रवाई के बीच भारी सुरक्षा बल को तैनात रखा गया। जानकारी ये भी सामने आई थी कि करीब 20 गाड़ियों में ED के अधिकारी छापेमारी की कार्रवाई करने पहुंचे थे। गौरतलब है कि ईडी की संजीव अरोड़ा के खिलाफ यह एक महीने के अंदर दूसरी बार छापेमारी की कार्रवाई थी। इससे पहले पिछले महीने ही ED ने लुधियाना में संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी की थी। जबकि अभी दो दिन पहले ही मोहाली और चंडीगढ़ में बिल्डरों और कारोबारियों पर ED ने रेड मारी थी।
CM भगवंत मान का BJP पर बड़ा हमला
संजीव अरोड़ा पर ED की रेड को लेकर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। सीएम मान का कहना है कि बीजेपी ED का डर दिखाकर अपनी पार्टी में जॉइनिंग कराना चाहती है। सीएम मान ने लिखा, ''आज फिरसे BJP की ED संजीव अरोड़ा के घर आई। एक साल में ये तीसरी बार उनके घर BJP की ED आई है। और पिछले एक महीने में दूसरी बार। फिर भी कुछ नहीं मिला है इनको। मैं मोदी जी को बताना चाहता हूँ कि पंजाब गुरुओं की धरती है औरंगजेब भी नहीं झुका सका था। ये भगत सिंह की धरती है जो अंग्रेजों के सामने कभी नहीं झुके, तो मोदी के इन हथकंडों के सामने पंजाब कभी नहीं झुकेगा। ED-BJP के इस अनैतिक गठबंधन का अंत पंजाब से ही होगा।''
जानें संजीव अरोड़ा के बारे में
लुधियाना से ताल्लुक रखने वाले संजीव अरोड़ा एक वरिष्ठ राजनीतिक नेता होने के साथ-साथ पंजाब के एक बड़े बिजनेसमैन भी हैं। वह पंजाब से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं। लुधियाना वेस्ट से विधायक निर्वाचित होने से पहले संजीव अरोड़ा (Sanjeev Arora) राज्यसभा सांसद थे। उपचुनाव जीतने के बाद उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। संजीव अरोड़ा पिछले साल जून 2025 में लुधियाना वेस्ट सीट से उपचुनाव जीतकर AAP विधायक बने थे।
विधायक बनने के कुछ दिनों में ही मंत्री बने अरोड़ा
विधायक बनने के बाद कुछ ही दिनों में संजीव अरोड़ा को कैबिनेट मंत्री बनाकर सीएम भगवंत मान ने AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल का वह वादा पूरा किया था। जिसमें केजरीवाल ने लुधियाना चुनाव प्रचार में एक जनसभा के दौरान लोगों से कहा था की अरोड़ा को यहां से जिता दो, उन्हें मंत्री बना देंगे। बता दें कि 3 जुलाई 2025 को अरोड़ा ने मंत्री पद की शपथ ली थी। वहीं इस दौरान उस समय पंजाब के कैबिनेट मंत्री कुलदीप धालीवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
मंत्री बनने के बाद अरोड़ा को पहले ये विभाग मिले
मंत्री बनते ही संजीव अरोड़ा को सरकार में सबसे पहले Industry & Commerce, Investment Promotion और NRI Affairs संबंधित विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद भगवंत मान सरकार में संजीव अरोड़ा का कद तब और बढ़ गया, जब 18 अगस्त 2025 को उन्हें उद्योग विभाग और NRI विभाग के अलावा सरकार में बेहद अहम माना जाने वाला बिजली विभाग भी दे दिया गया. उस समय कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ETO से बिजली विभाग लेकर अरोड़ा को दिया गया था।
संजीव अरोड़ा को और पावरफुल बनाया गया
वहीं जनवरी 2026 में एक बार फिर पंजाब कैबिनेट में फेरबदल हुआ और इस दरमियान मान सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा का कद और ज्यादा बढ़ गया। इस फेरबदल में कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को लोकल बॉडीज विभाग सौंपा गया। पहले यह विभाग कैबिनेट मंत्री डॉ रवजोत के पास था। इस तरह अरोड़ा के पास 3 अहम विभागों (उद्योग, बिजली और अब लोकल बॉडीज) का जिम्मा आ गया और वह पंजाब सरकार में तीसरे सबसे पावरफुल मंत्री बन गए। मतलब संजीव अरोड़ा को विधायक और मंत्री बने अभी बहुत ज्यादा समय नहीं हुआ था कि लगभग 7 महीने में ही अरोड़ा को कैबिनेट के पावरफुल मंत्रियों में जगह दे दी गई।
संजीव अरोड़ा केजरीवाल के करीबी
उद्योग, बिजली और लोकल बॉडीज ये तीनों ही सरकार के अंदर बड़े और अहम विभाग माने जाते हैं और इन तीनों विभागों का एक साथ अरोड़ा के पास रहना। यह दर्शाता है कि मान सरकार में उनका कद कितना बड़ा है। आपको बता दें कि संजीव अरोड़ा AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के काफी करीबी माने जाते हैं। केजरीवाल के साथ-साथ वह सीएम भगवंत मान की भी पसंद हैं। अरोड़ा के मंत्री बनने के पीछे ये भी एक अहम कारण है।