बागेश्वर में भूकंप के झटके: रिक्टर स्केल पर 3.7 की तीव्रता, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग
Earthquake Tremors in Bageshwar
बागेश्वर । Earthquake Tremors in Bageshwar, जिले में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर 3.7 तीव्रता, 10 किमी गहराई में केंद्र रहा। जिसके कारण लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि किसी प्रकार के नुकसान की पुष्टि नहीं है।
जिले में रविवार को पूर्वाह्न 11 बजकर 47 मिनट आठ सेकंड पर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। इससे कुछ समय के लिए लोगों में हल्की दहशत का माहौल बना, हालांकि कहीं से भी किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।
रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.7 मापी गई। इसका केंद्र 30.047 डिग्री उत्तरी अक्षांश तथा 79.901 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। भूकंप की गहराई जमीन के अंदर लगभग 10 किलोमीटर दर्ज की गई है।
जिला आपदा अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि जिले की सभी तहसीलों से अब तक जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। झटके हल्के होने के कारण जनजीवन सामान्य बना हुआ है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।