E-Rickshaw Drivers Create Chaos

कैथल में ई-रिक्शा चालकों का हंगामा, पेट्रोल पंप पर फेंके सीमेंट ब्लॉक

pp

E-Rickshaw Drivers Create Chaos

हरियाणा के कैथल में ई-रिक्शा चालकों की मनमानी एक बार फिर सामने आई है। न्यू करनाल रोड स्थित भाजपा नेता राहुल सुरेंद्र के पेट्रोल पंप पर उस समय हंगामा हो गया, जब ई-रिक्शा चालकों और कर्मचारियों के बीच विवाद बढ़ गया।

जानकारी के अनुसार ई-रिक्शा चालक सवारियां लेने के लिए बीच सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे ट्रैफिक बाधित होता है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने चालकों से रास्ता खाली रखने और सवारियां आगे-पीछे उतारने को कहा, ताकि ग्राहकों को असुविधा न हो। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।

विवाद बढ़ने पर एक चालक ने अपने साथियों को बुला लिया और कुछ ही देर में मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि चालकों ने सड़क किनारे रखे सीमेंट के भारी ब्लॉक उठाकर पेट्रोल पंप की ओर फेंकने शुरू कर दिए। गनीमत रही कि इस दौरान कोई घायल नहीं हुआ।

स्थिति बिगड़ती देख पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने विरोध किया तो ई-रिक्शा चालक अपने वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। कर्मचारियों ने एक चालक को पकड़ लिया, जबकि मुख्य आरोपी भागने में सफल रहा।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है और अब प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।