भाजपा विधायक घनश्याम सर्राफ केस के बीच DTP नरेंद्र नैन का तबादला, अवैध कॉलोनी मामले में FIR के बाद कार्रवाई
- By Gaurav --
- Friday, 01 May, 2026
DTP Narendra Nain Transferred
हरियाणा में अवैध कॉलोनी मामले को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा विधायक घनश्याम सर्राफ के परिवार पर FIR दर्ज कराने वाले जिला नगर योजनाकार (DTP) नरेंद्र कुमार नैन का तबादला कर दिया गया है।
नगर एवं ग्राम योजना विभाग हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव के 27 अप्रैल के आदेशों के तहत नैन को अगले आदेशों तक मुख्यालय चंडीगढ़ भेजा गया है। विभाग के निदेशक अमित खत्री द्वारा जारी आदेश में उन्हें तत्काल प्रभाव से मुख्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए, जिसके बाद उन्होंने बुधवार को पद संभाल लिया।
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में DTP नरेंद्र नैन की शिकायत पर हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो, भिवानी में विधायक के परिवार के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। आरोप है कि उन्होंने Haryana Development and Regulation of Urban Areas Act 1975 की धारा 7 समेत अन्य नियमों का उल्लंघन करते हुए अनधिकृत कॉलोनी काटी।
इस FIR में विधायक की पत्नी प्रेमलता, बेटे अमन गर्ग, बेटियां श्वेता गर्ग और मनीषा गर्ग, भांजे मोहित गोयल सहित कई अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।
इस घटनाक्रम के बाद नैन का तबादला प्रशासनिक फैसले के रूप में देखा जा रहा है, हालांकि इसे लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।