झांसी: लुहारी टोल प्लाजा पर 'नशे' में युवती का तांडव; मोबाइल चोरी का आरोप लगा तोड़ा 'टोल बूम'; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

झांसी: लुहारी टोल प्लाजा पर 'नशे' में युवती का तांडव; मोबाइल चोरी का आरोप लगा तोड़ा 'टोल बूम'; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

Drunken Woman Creates Ruckus at Luhari Toll Plaza

Drunken Woman Creates Ruckus at Luhari Toll Plaza

Jhansi Toll Plaza Viral Video: झांसी–खजुराहो हाईवे पर स्थित लुहारी टोल प्लाजा उस वक्त हंगामे का केंद्र बन गया, जब एक युवती ने बीच सड़क हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया. कथित तौर पर मोबाइल चोरी होने से नाराज युवती ने टोल कर्मचारियों पर गुस्सा उतारते हुए जमकर तोड़फोड़ की. इस दौरान वह नशे में नजर आ रही थी. युवती का हंगामा इतना बढ़ गया कि टोल प्लाजा का बूम भी टूट गया. पूरी घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

झांसी–खजुराहो हाईवे का मामला
यह पूरा मामला झांसी–खजुराहो हाईवे पर स्थित लुहारी टोल प्लाजा का बताया जा रहा है. जहां रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं, उसी टोल पर यह अप्रत्याशित हंगामा देखने को मिला. अचानक हुए इस ड्रामे से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ.

मोबाइल चोरी का लगाया आरोप
जानकारी के मुताबिक, युवती खजुराहो की ओर किसी कार्यक्रम में शामिल होकर कार से अपने एक मित्र के साथ झांसी लौट रही थी. रास्ते में वह कुछ देर के लिए टोल प्लाजा पर रुकी. इसी दौरान उसे पता चला कि उसका मोबाइल फोन कहीं गायब हो गया है. इसके बाद उसने तुरंत मोबाइल चोरी का आरोप लगाया.

सीसीटीवी देखने की जिद में तोड़फोड़
फोन गुम होने की बात सामने आते ही युवती टोल कर्मियों से सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दिखाने की मांग करने लगी. कर्मचारियों ने उसे समझाने की कोशिश की कि संबंधित स्टाफ मौजूद नहीं है और थोड़ी देर रुकने पर कैमरे चेक करवा दिए जाएंगे. लेकिन युवती किसी बात को मानने को तैयार नहीं हुई और वहीं हंगामा शुरू कर दिया.

नशे की हालत में दिखी युवती- प्रत्यक्षदर्शी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती नशे की हालत में नजर आ रही थी. गुस्से में उसने टोल प्लाजा पर जमकर तोड़फोड़ की और बूम तक तोड़ दिया. काफी देर तक यह हाईवोल्टेज ड्रामा चला, जिससे वहां मौजूद लोग असहज हो गए. हंगामा बढ़ता देख आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया. काफी मशक्कत के बाद युवती को शांत कराया गया. इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी. बताया जा रहा है कि युवती पेशे से ऑर्केस्ट्रा डांसर है और झांसी की रहने वाली है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी राहगीर ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और टोल प्लाजा की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं.