गाजियाबाद में DPSG स्कूल बस में लगी भीषण आग, चालक सुरक्षित; बड़ा हादसा टला
- By Gaurav --
- Saturday, 11 Jul, 2026
DPSG School Bus Catches Fire
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में नंदग्राम इलाके के पास शनिवार सुबह दिल्ली पब्लिक स्कूल गाजियाबाद (DPSG) की एक स्कूल बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया।
राहत की बात यह रही कि घटना के समय बस में कोई छात्र सवार नहीं था। बस चालक ने भी समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
फायर विभाग के अनुसार, घटना की सूचना सुबह करीब 9:26 बजे प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही कोतवाली फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। मौके पर पहुंचने पर बस पूरी तरह आग की लपटों में घिरी हुई थी।
दमकल कर्मियों ने होज लाइन और होज रील की सहायता से चारों ओर से पानी की बौछार कर आग बुझाने का अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।