इटावा से बड़ी खबर: इटावा में दोहरी आत्महत्या से हड़कंप, भाभी के बाद देवर ने भी दी जान
Double Suicide Rocks Etawah
इटावा। Double Suicide Rocks Etawah, इटावा के गांव हरौली बहादुरपुर में रविवार रात भाभी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर लेने के 12 घंटे बाद देवर ने भी सोमवार दोपहर बबूल के पेड़ पर रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी। भाभी-देवर की मौत से घर में मातम पसर गया। घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि पुलिस घरेलू कलह में दोनों के आत्महत्या करने की बात कह रही है। चर्चाएं हैं कि विवाहिता की मौत को लेकर दहेज एक्ट में परिवार पर कार्रवाई के डर से देवर ने यह कदम उठाया है।
भरेह थाना क्षेत्र के हरौली बहादुरपुर निवासी पिंकू दोहरे मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। पति पिंकू ने बताया रविवार रात करीब 10 बजे वह पत्नी तारा (28) के साथ खाना खाकर वह बाहर टहलने चला गया था। रात 11 बजे जब वह वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी जब कुंडी नहीं खुली तो खिड़की से झांककर देखा, जहां तारा का शव फंदे से लटका मिला।
तारा कानपुर देहात के थाना रसूलाबाद के घुक्कापुरवा की रहने वाली थी। पिंकू का उससे छह साल पहले विवाह हुआ था। स्वजन ने बताया कि तारा पांच बहनों में चौथे नंबर की थी। शादी के बाद उसने दो बच्चों को जन्म दिया लेकिन दोनों की अस्पताल में ही मृत्यु हो गई थी, तब से वह काफी परेशान थी। पिता और मायके पक्ष के लोगों ने किसी पर भी कोई आरोप नहीं लगाया है। उनका कहना है कि संतान न होने के दुख में वह अक्सर गुमसुम रहती थी और संभवतः इसी ग्लानि में उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है।
तारा का शव मुख्यालय से पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंच पाता तब तक उसके देवर अंकित ने गांव के बाहर यमुना नदी के किनारे बबूल के पेड़ पर रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी। थानाध्यक्ष जगदीश भाटी ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल के बाद उसके शव काे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बताया गया है कि अंकित सात भाईयों में पांचवें नंबर का था।
थानाध्यक्ष जगदीश भाटी ने बताया कि विवाहिता ने रात में आत्महत्या की थी। मायके पक्ष के लोग भी आ गए थे लेकिन किसी तरह की कार्रवाई के लिए तहरीर नहीं दी गई थी। देवर ने सोमवार को दोपहर में आत्महत्या की है। अभी कारणों की जांच की जा रही है। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आत्महत्या के पीछे पारिवारिक कारण प्रतीत हो रहा है।