ईद पर्व को लेकर दून पुलिस अलर्ट, शहरभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू
Doon Police on Alert Ahead of Eid Festival
देहरादून। Doon Police on Alert Ahead of Eid Festival, ईद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए दून पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पर्व के मद्देनजर पूरे नगर क्षेत्र को पांच जोन, 11 सेक्टर और 35 सब-सेक्टर में विभाजित कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है, जबकि सेक्टरों में निरीक्षक और थाना प्रभारियों और सब-सेक्टरों में उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों को तैनात किया गया है।
विशेष सतर्कता
संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर हर गतिविधि पर नजर बनाए रखें।
इसके साथ ही सभी थाना क्षेत्रों में सर्वधर्म समुदाय के संभ्रांत लोगों के साथ बैठकें आयोजित कर ईद का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई है।
दून पुलिस ने मुस्लिम समुदाय से निर्धारित स्थानों पर ही कुर्बानी देने और किसी भी स्थिति में सड़कों पर नमाज अदा न करने का आग्रह किया है। इसके लिए पुलिस की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में कुर्बानी स्थलों का निरीक्षण भी किया गया है।
इंटरनेट मीडिया पर अफवाह फैलाने पर होगी कड़ी कार्रवाई
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्व में विवादों में शामिल रहे और गोकशी या अवैध पशु कटान में संलिप्त लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है। इसके अलावा इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म्स पर भी पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।
पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भ्रामक खबरें फैलाने, अफवाहें प्रसारित करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। दून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि त्योहार को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।