7 जून से बढ़े एलपीजी के दाम, कई शहरों में सिलेंडर 1000 रुपये के पार
- By Gaurav --
- Sunday, 07 Jun, 2026
Domestic Cylinder Prices Cross
आम उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका देते हुए घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें 7 जून से लागू हो गई हैं। इस बढ़ोतरी के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है।
यह पिछले तीन महीनों में घरेलू एलपीजी की दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 7 मार्च 2026 को सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी। विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ रहा है।
हालांकि 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे पहले 1 जून को दिल्ली में वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमत 42 रुपये बढ़ाकर 3,113.50 रुपये कर दी गई थी।
नई कीमतों के बाद कई शहरों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर 1,000 रुपये के आंकड़े को पार कर गया है। ग्वालियर और उज्जैन में सिलेंडर की कीमत 1,000 रुपये से अधिक हो गई है, जबकि भोपाल में इसकी कीमत 947 रुपये, इंदौर में 970 रुपये और जबलपुर में 919 रुपये हो गई है।
एलपीजी कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर घरेलू बजट पर पड़ने की संभावना है, खासकर मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर, जो रसोई गैस पर निर्भर हैं।