अल्मोड़ा के लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी शहीद: राजौरी में सर्च ऑपरेशन के दौरान हादसा, जिले में शोक की लहर

Lieutenant Bireshwar Goswami from Almora martyred

Lieutenant Bireshwar Goswami from Almora martyred

अल्मोड़ा। Lieutenant Bireshwar Goswami from Almora martyred, जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकवादियों की तलाश में चलाए जा रहे सेना के विशेष सर्च अभियान ‘ऑपरेशन शेरूवाली’ के दौरान अल्मोड़ा के युवा सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के शहीद होने की दुखद सूचना से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।

मात्र 24 वर्ष की आयु में देश सेवा करते हुए उनका बलिदान क्षेत्र के लिए गर्व और पीड़ा दोनों का विषय बन गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजौरी के दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र में चल रहे अभियान के दौरान लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी गहरी खाई में फिसल गए। गंभीर चोटों के कारण उन्होंने वीरगति प्राप्त की। सेना द्वारा घटना की पुष्टि किए जाने के बाद उनके परिजनों तथा क्षेत्रवासियों में शोक व्याप्त है।

सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार 

लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी मूल रूप से अल्मोड़ा जनपद के बगवालीपोखर क्षेत्र के निवासी थे। उनका परिवार वर्तमान में पांडेखोला में निवास करता है। कम उम्र में सेना में अधिकारी बनने वाले बीरेश्वर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और देशभक्ति के लिए जाने जाते थे।

सैन्य कल्याण अधिकारी सेवानिवृत्त विजय मनराल ने बताया कि शहीद अधिकारी का पार्थिव शरीर बुधवार दोपहर लगभग तीन बजे अल्मोड़ा पहुंचने की संभावना है। इसके बाद सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।

शहीद की खबर मिलते ही जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है तथा लोग वीर सपूत के अंतिम दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे हैं।