"देहरादून एयरपोर्ट पर डिजिटल फेस स्कैन एंट्री, यात्रियों को तेज और सुरक्षित यात्रा"

"देहरादून एयरपोर्ट पर डिजिटल फेस स्कैन एंट्री, यात्रियों को तेज और सुरक्षित यात्रा"

Digital Face Scan Entry at Dehradun Airport

Digital Face Scan Entry at Dehradun Airport

डोईवाला (देहरादून)। Digital Face Scan Entry at Dehradun Airport, डिजी यात्रा भारत सरकार की डिजिटल पहल है, जो हवाई अड्डों पर चेहरे की पहचान, तकनीक का उपयोग करके पेपर लेस एंट्री की सुविधा देती है।

इसके जरिये यात्री बिना फिजिकल आइडी, बोर्डिंग पास दिखाए सुरक्षा जांच और बोर्डिंग गेट तक तेज और सुरक्षित तरीके से जा सकते हैं।

यह एक बायोमेट्रिक आधारित डिजिटल प्रोसेसिंग प्रणाली है। इसमें चेहरे को ही बोर्डिंग पास माना जाता है, जो कैमरे के जरिये यात्री की पहचान करता है।

इससे एयरपोर्ट पर लाइन में लगने का समय बचता है और यात्री परेशानी मुक्त यात्रा का अनुभव करते हैं।

यह एक एप आधारित प्रक्रिया है। इसमें डिजी यात्रा एप पर आधारित केवाईसी करें, सेल्फी अपलोड करें।

टिकट के बोर्डिंग पास को स्कैन करें और एयरपोर्ट एंट्री पर फेस स्कैन करें। इसके बाद आपको एयरपोर्ट पर मात्र पांच सेकंड में यह कार्रवाई पूरी कर आसानी से एंट्री मिल जाएगी।

चेहरा स्कैन करते मिलेगी एंट्री

देशभर के मुख्य हवाई अड्डों के साथ ही अब देहरादून एयरपोर्ट में भी डिजी यात्रा की सुविधा शुरू कर दी गई है। इसी के साथ फ्री वाईफाई, फ्लाईब्ररी व किड्स जोन की सुविधा भी अब यात्रियों को एयरपोर्ट पर मिलेगी।

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वर्चुअल माध्यम से गुजरात के राजकोट हवाई अड्डे से इसकी शुरुआत की।

इसके बाद देहरादून हवाई अड्डा देशभर के प्रमुख हवाई अड्डों जैसी सुविधाओं को देने वाला बन गया है।

रविवार से डिजी यात्रा एप के जरिये यात्रियों को सुविधा भी मिलनी शुरू हो गई है। एयरपोर्ट में प्रवेश करने वाले तीन गेट में डीजी यात्रा की शुरुआत की गई है।

इससे यात्रियों का चेहरा स्कैन होते ही मात्र पांच सेकंड में उनकी पहचान होगी और उन्हें एयरपोर्ट के अंदर एंट्री मिलेगी।

इससे पूर्व एयरपोर्ट पर बोर्डिंग पास व अन्य दस्तावेज दिखाने में यात्रियों का काफी समय व्यतीत हो जाता था और लंबी लाइन भी देखने को मिलती थी।

अब डिजी यात्रा एप के जरिये यात्री आसानी से मात्र पांच सेकंड में चेहरा स्कैन होते ही एयरपोर्ट में एंट्री कर पाएंगे।

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वर्चुअल रूप से कार्यक्रम में कहा कि सरकार लगातार हवाई यातायात को लेकर तेजी से कार्य कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में छोटे व सीमांत क्षेत्रों को भी हवाई अड्डों व हेलीपैड के माध्यम से जोड़ा जा रहा है।

आने वाले 10 वर्षों में उड़ान 2.0 योजना के तहत 29 हजार करोड़ रुपये का निवेश इसे एक नई दिशा देगा। साथ ही एयरपोर्ट की संख्या भी करीब 350 तक पहुंचाने का लक्ष्य सरकार ने निर्धारित किया है।

उन्होंने बताया कि देहरादून एयरपोर्ट में डीजी यात्री सुविधाओं के साथ ही फ्री वाईफाई व अन्य सुविधाओं के शुरू होने से यात्रियों को उनका सीधा लाभ मिलेगा और यात्री बिना फिजिकल आइडी या बोर्डिंग पास दिखाए सुरक्षा जांच और बोर्डिंग गेट तक तेज और सुरक्षित तरीके से जा सकेंगे।

वहीं, देहरादून एयरपोर्ट पर निदेशक भूपेश सीएच नेगी ने बताया कि लगातार देहरादून हवाई अड्डे पर यात्री सुविधाओं को लेकर कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर देहरादून एयरपोर्ट के संयुक्त महाप्रबंधक नितिन कादयान, मोहित के अलावा एयरपोर्ट के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

देहरादून एयरपोर्ट पर यह मिल रही सुविधाएं

देहरादून हवाई अड्डे पर वर्तमान में यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं जिसमें नया टर्मिनल भवन, 48 चेक इन काउंटर, कन्वेयर बेल्ट, सुरक्षा जांच, लाउंज, चिकित्सा सहायता, व्हीलचेयर सुविधा, कार रेंटल सुविधा, पार्किंग क्षमता के साथ ही आज शुरू हुई डीजी यात्रा, फ्री वाईफाई, फ्लाइब्ररी, किड्स जोन की सुविधा शामिल है।

 

निश्शुल्क वाईफाई सुविधा की अवधि 45 मिनट

निशुल्क वाईफाई सुविधा की अवधि 45 मिनट होगी। इसके अलावा किड्स जोन में बच्चों, परिवारों के लिए सुरक्षित एवं आकर्षक खेल क्षेत्र उपलब्ध रहेंगे। फ्लाईब्ररी में एयरपोर्ट टर्मिनल में पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह सुविधा देहरादून हवाई अड्डे के सिक्योरिटी हाल क्षेत्र के प्रथम तल पर स्पर्श हिमालय फाउंडेशन के सहयोग से शुरू की गई है।