शिमला में गैस सिलेंडर की कमी से ढाबे बंद, इंडक्शन की मांग में 70-80% की वृद्धि
Dhabas Shut Down in Shimla Due to Gas Cylinder Shortage
-
गैस सिलेंडर की कमी से शिमला में ढाबे बंद हो रहे।
-
इंडक्शन चूल्हों की मांग में 70-80% की वृद्धि हुई।
-
एक नामी रेस्तरां भी गैस कमी से एक दिन बंद रहा।
शिमला। Dhabas Shut Down in Shimla Due to Gas Cylinder Shortage, ईरान युद्ध के कारण पेट्रोलियम पदार्थों की कमी के कारण कमर्शियल गैस सिलिंडर की कमी में अब गैस के बजाय लोग बिजली पर शिफ्ट हो रहे हैं। राजधानी शिमला में हालत यह है कि ढाबों में भी गैस के बजाय इंडक्शन का इस्तेमाल हो रहा है। गैस सिलिंडर की कमी के कारण शिमला के कई ढाबे बंद हो गए हैं, तो कई ढाबों में इंडक्शन का प्रयोग शुरू हो गया है।
व्यवसायिक गैस सिलिंडरों की कमी के बीच राजधानी शिमला में इंडक्शन चूल्हों और अन्य इलेक्ट्रिक कुकिंग उपकरणों की मांग में अचानक तेजी देखने को मिल रही है। गैस की अनियमित आपूर्ति के कारण लोग अब वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में इंडक्शन चूल्हों का सहारा लेने लगे हैं, जिससे बाजार में इनकी बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
80 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी
शिमला के एक इलेक्ट्रॉनिक सामान विक्रेता दिव्यांश ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन चूल्हों की मांग में करीब 70 से 80 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि एलपीजी की कमी के कारण लोग सुरक्षा और बैकअप के तौर पर इंडक्शन चूल्हे खरीद रहे हैं। इसके साथ ही इंडक्शन पर इस्तेमाल होने वाले स्टील के बर्तनों की बिक्री भी बढ़ गई है।
इलेक्ट्रिक उपकरणों की कमी
दुकानदारों के अनुसार अचानक बढ़ी मांग के चलते कुछ इलेक्ट्रिक कुकिंग उपकरणों की कमी भी देखने को मिल रही हैं। पहले जहां इन उपकरणों की बिक्री सीमित रहती थी, वहीं अब कई उपभोक्ता घरों में आपात स्थिति के लिए इंडक्शन चूल्हा रखना जरूरी समझ रहे हैं।
आठ इंडक्शन बिक गए
शिमला के ही एक अन्य दुकानदार नेहर सिंह शर्मा ने बताया कि पहले सप्ताह में उनकी दुकान पर इंडक्शन चूल्हों की बिक्री एक या दो पीस तक ही सीमित रहती थी, लेकिन पिछले दो-तीन दिनों में बिक्री में काफी तेजी आई है। उन्होंने बताया कि सिर्फ एक दिन में ही उनकी दुकान से आठ इंडक्शन चूल्हे बिक चुके हैं और मांग लगातार बढ़ रही है।
गैस की कमी से कारोबार पर असर
उन्होंने यह भी कहा कि गैस की कमी का असर होटल, ढाबा और रेस्तरां कारोबार पर भी पड़ रहा है। ऐसे में कई कारोबारी भी इलेक्ट्रिक कुकिंग उपकरणों की ओर रुख कर रहे हैं। खासकर इंफ्रारेड और इंडक्शन जैसे उपकरणों की मांग व्यवसायिक उपयोग के लिए बढ़ रही है।
शिमला में नामी कंपनी का रेस्तरां रहा बंद
राजधानी शिमला में व्यवसायिक गैस सिलेंडर की कमी के कारण नामी कंपनी का रेस्तरां भी एक दिन के लिए बंद रहा। कंपनी में काम करने वाले कर्मियों ने बताया कि एक दिन के लिए रेस्तरां को बंद कर दिया गया है और स्टाफ को दूसरे रेस्तरां में शिफ्ट किया गया है। रविवार को कंपनी सिलेंडर की सप्लाई आ जाएगी। साथ ही इलेक्ट्रिक ओवन भी उपलब्ध हो जाएगा। ऐसे में रविवार को दोबारा से काम शुरू हो जाएगा।