डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, पहले भी कई बार सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
Deputy CM Keshav Prasad Maurya's helicopter makes
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को शनिवार को कौशांबी जिले में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने जाना था। केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर ने उनके सरकारी आवास के सामने लामार्टिनियर कालेज ग्राउंड से उड़ान भरी, लेकिन उसकी अमौसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। ऐसा नहीं है कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की यह पहली इमरजेंसी लैंडिंग थी।
योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल से ही उप मुख्यमंत्री का पद संभाल रहे केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की पहली बार इमरजेंसी लैंडिंग वर्ष 2018 में हुई थी। 30 मार्च 2018 को लखनऊ से आजमगढ़ गए केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की वापसी के समय से शाम साढ़े छह बजे रायबरेली के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी (इग्रुआ) फुरसतगंज में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। बताया गया कि तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर को उतारना पड़ा। कुछ देर तक तो इग्रुआ के अफसर समझ भी नहीं पाए कि कौन आया, लेकिन हेलीकॉप्टर से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद के निकलने के बाद खलबली मच गई। अमेठी के एएसपी व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और डिप्टी सीएम को कार से लखनऊ रवाना किया गया।
पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा होते-होते टला
उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 14 फरवरी 2019 को आजमगढ़ जा रहे थे कि अचानक उनके हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी हो गई। पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पायलट ने हेलीकॉप्टर को लखनऊ में सुरक्षित उतारा। मौर्य ने जिस हेलीकॉप्टर उड़ान भरी उसमें कुछ तकनीकी दिक्कतें आने लगीं। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को वापस लखनऊ में सुरक्षित उतार लिया।
लखनऊ में तेज हवा में फंसा हेलीकॉप्टर
लखनऊ से 10 जून 2021 को केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज जाना था। लखनऊ एयरपोर्ट से उनके हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी, लेकिन तेज हवा के कारण आगे नहीं बढ़ सका। पायलट ने हेलीकॉप्टर को सुरक्षित उतारा और मौर्य सड़क मार्ग से लखनऊ से प्रयागराज लिए रवाना हुए।
कुशीनगर में इमरजेंसी लैंडिंग
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के दौरान एक मार्च 2022 को कुशीनगर में डिप्टी सीएम केशव मौर्य के हेलीकॉप्टर में खराबी के कारण आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। वह फाजिलनगर में चुनावी सभा संबोधित करने जा रहे थे। इसी दौरान हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। खड्डा विधानसभा क्षेत्र से उड़ान भरते समय पायलट ने सुरक्षा की दृष्टि से असहमति जताई तो फाजिलनगर के पावानगर महावीर इंटर कॉलेज के मैदान में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। उप मुख्यमंत्री यहां पर करीब एक घंटे तक रहे।
गौरतलब है कि शनिवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को लेकर उनके गृह जनपद कौशांबी जा रहे हेलीकॉप्टर में उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आ गई, जिससे उसमें धुआं भर गया। पायलट ने तुरंत लखनऊ एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग कराई। डिप्टी सीएम को सुबह 11:30 बजे कौशाम्बी पहुंचना था, जहां पार्टी पदाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित थी।
इसके अलावा उन्हें विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण भी करना था। वह ला-मार्टिनियर ग्राउंड से हेलीकॉप्टर से रवाना हुए थे। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी के कारण हेलीकॉप्टर में धुआं फैलने लगा।
पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत अमौसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई। समय रहते हेलीकॉप्टर को उतार लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। डिप्टी सीएम पूरी तरह सुरक्षित हैं।