'सपा के हाथ रामभक्तों के खून से रंगे हैं': गाजियाबाद में अखिलेश यादव पर बरसे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य

'सपा के हाथ रामभक्तों के खून से रंगे हैं': गाजियाबाद में अखिलेश यादव पर बरसे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य

Deputy CM Keshav Prasad Maurya lashes out at Akhilesh Yadav in Ghaziabad

Deputy CM Keshav Prasad Maurya lashes out at Akhilesh Yadav in Ghaziabad

गाजियाबाद। Deputy CM Keshav Prasad Maurya lashes out at Akhilesh Yadav in Ghaziabad, अयोध्या में भगवान राम का जो भव्य राम मंदिर बन पाया है, वह यदि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार न बनी होती तो अगले 500 साल तक भी नहीं बन पाता। समाजवादी पार्टी नाटक करती है, अखिलेश यादव ने कुछ दिन पहले अयोध्या में स्थापित रामलला की प्रतिमा जैसी मूर्ति की तस्वीर को इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर सैफई में लगाने की बात कही। लेकिन सपा के हाथ रामभक्तों के खून से रंगे हैं।

अखिलेश यादव यदि सैफई में रामलला की मूर्ति लगाकर सोचते हैं कि रामभक्त उनको माफ कर देंगे तो वह गलत हैं, रामभक्त उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे। यदि अखिलेश यादव हिंदुओं के सच्चे हितैषी हैं तो उत्तर प्रदेश में अभी दो काम बाकी हैं। पहला काशी में बाबा विश्वनाथ के मंदिर को तोड़कर जो मस्जिद बनाई गई है और दूसरा मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर को तोड़कर जो ईदगाह बनाई गई है, उस मस्जिद और ईदगाह को हटाने का कार्य, इसके लिए वह आगे बढ़ें।

यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री केशवप्रसाद मौर्य ने रविवार को गाजियाबाद के घंटाघर रामलीला मैदान में आयोजित महर्षि कश्यप जयंती महाकुंभ के अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए कहीं।

कुछ दिन पहले सपा ने भाईचारा रैली कार्यक्रम किया

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दादरी में कुछ दिन पहले सपा ने भाईचारा रैली कार्यक्रम किया, जिसमें अखिलेश यादव आए थे। जितनी भीड़ आज महर्षि कश्यप की जयंती के अवसर पर गाजियाबाद में है, उसकी आधी भीड़ भी वह दादरी में नहीं जुटा पाए। सपा वह डूबता हुआ जहाज है, जिसका कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है।

प्रयागराज में भगवान राम और निषादराज की गले मिलते हुए प्रतिमा स्थापित की गई है, जो दोनों की मित्रता को दर्शाती है। कश्मीर का एक हिस्सा पीओके है, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक दिन वहां भी तिरंगा फहराया जाएगा। 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस ने गठबंधन कर दुष्प्रचार किया कि एनडीए की 400 सीटें आईं तो संविधान और आरक्षण को खत्म कर दिया जाएगा।

इस दुष्प्रचार से मतदाताओं ने भ्रमित होकर विपक्ष को कुछ वोट अधिक दिया तो वो प्रधानमंत्री का अपमान करने लगे। लेकिन मतदाता समझदार हैं उन्होंने लोकसभा चुनाव के बाद हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार और दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगी दलों के समर्थन में मतदान किया और सरकार बनाई।

दिल्ली में गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले अरविंद केजरीवाल की हार हुई और 26 साल बाद भाजपा की सरकार बनी। अब जिन राज्यों असम, बंगाल, केरल, तमिलनाडु में चुनाव हो रहे हैं, वहां भी भाजपा की सरकार बनने जा रही है। 2027 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव हैं, ऐसे में सभी मतदाताओं से अपील है कि वह 2017 वाला इतिहास दोहराते हुए सपा को वापस सैफई भेजने का कार्य करें।

 विदेश में जाकर भारत के प्रधानमंत्री की बुराई करते हैं: मौर्या

उप मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह विदेश में जाकर भारत के प्रधानमंत्री की बुराई करते हैं, उनको भारत की बुराई विदेश में करने पर अपना हित नजर आता है। आतंकी हमले के बाद सेना द्वारा चलाए गए आपरेशन सिंदूर पर सवाल उठाते हैं, लेकिन सच यह है कि भारत के पास विश्व की सबसे शक्तिशाली सेना है। चुनाव करीब आने पर सपा को भगवान राम और महर्षि कश्यप याद आ रहे हैं, पीडीए का नारा दिया जा रहा है। जब प्रदेश में सपा की सरकार थी, तब कन्नौज में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के नाम पर बने मेडिकल कालेज का नाम तक बदल दिया गया था।