Delhi CM Rekha Gupta Conducts

CM रेखा गुप्ता का सरकारी स्कूल में औचक निरीक्षण, सुविधाएं सुधारने के दिए निर्देश

pp

Delhi CM Rekha Gupta Conducts

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को उत्तर दिल्ली स्थित एक सरकारी स्कूल का औचक निरीक्षण किया और स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं तथा शैक्षिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री रूप नगर के राजकीय सर्वोदय विद्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्कूल प्रशासन से आवश्यक सुधार कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है।

रेखा गुप्ता ने बताया कि निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से पेयजल, स्वच्छता, अग्नि सुरक्षा, गर्मी के मौसम में दी जा रही सुविधाओं और शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के सरकारी स्कूल लंबे समय तक बदहाल अवसंरचना और सुविधाओं की कमी से जूझते रहे हैं। लेकिन पिछले एक वर्ष से सरकार स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत करने, इंफ्रास्ट्रक्चर सुधारने और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।