देहरादून: पुलिसकर्मी ने युवक पर बरसाईं लाठियां, वीडियो वायरल होने पर दारोगा और ASI लाइन हाजिर

देहरादून: पुलिसकर्मी ने युवक पर बरसाईं लाठियां, वीडियो वायरल होने पर दारोगा और ASI लाइन हाजिर

Dehradun: Policeman rains blows on youth with a baton

Dehradun: Policeman rains blows on youth with a baton

देहरादून। प्रेमनगर स्थित एक शैक्षिक संस्थान के बाहर छात्रों के जमावड़े को हटाने को लेकर पहुंची पुलिस के साथ एक युवक ने बहसबाजी शुरू कर दी। पुलिस उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़ी तो वह भागने लगा।

पीछा करते हुए पुलिस ने उसे पकड़ लिया और जमकर लाठियां बरसाईं। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। घटना का संज्ञान लेते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने एक दारोगा व एक एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया है। उन्होंने कहा कि फोर्स में ऐसी अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रविवार को एक शैक्षिक संस्थान में गायक का कार्यक्रम में है, हालांकि पुलिस ने बड़े आयोजन को लेकर संस्थान को अनुमति नहीं दी है। कार्यक्रम को लेकर अभी से छात्रों का जमावड़ा होना शुरू हो गया है। शुक्रवार को संस्थान के गेट पर बड़ी संख्या में छात्र जुटे हुए थे, जिसके चलते लंबा जाम लग गया।

जाम को लेकर लगातार पुलिस को फोन आने शुरू हुए तो प्रेमनगर थाने से दो पुलिसकर्मी जाम खुलवाने पहुंचे। उन्होंने देखा कि शैक्षणिक संस्थान के बाहर काफी जमावड़ा लगा हुआ था। छात्र व कुछ बाहरी युवकों ने अपने वाहन गेट के बाहर आड़े-तिरछे खड़े किए हुए थे।

पुलिस ने छात्रों ने अन्य युवकों को तत्काल अपने-अपने वाहन वहां से हटाने को कहा तो कुछ ने तो वाहन हटा दिए, जबकि एक युवक ने पुलिस से बहस करनी शुरू कर दी। पुलिस ने उसे समझाने का प्रयास किया और तत्काल वाहन वहां से हटाने को कहा, लेकिन युवक नहीं माना और लगातार पुलिस से बहस करने लगा।

गुस्से में पुलिस ने युवक को पकड़ने का प्रयास किया तो वह भागने लगे। कुछ दूरी पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया और जमीन पर गिराकर डंडे से जमकर पीट दिया।

घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ तो एसएसपी ने घटना का संज्ञान लिया। उन्होंने एसपी सिटी प्रमोद कुमार को तत्काल मौके पर भेजा।

घटना से संबंधी जानकारी प्राप्त करने के बाद एसएसपी ने एसआई जितेंद्र कुमार व एक एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया है। प्रकरण की जांच राजपत्रित अधिकारी को सौंपी दी है। जांच पूरी होने के बाद पुलिसकर्मियों पर बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।