उत्तराखंड में देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा शुरू, सीएम धामी ने दी हरी झंडी

उत्तराखंड में देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई सेवा शुरू, सीएम धामी ने दी हरी झंडी

Dehradun-Pithoragarh Air Service Launched in Uttarakhand

Dehradun-Pithoragarh Air Service Launched in Uttarakhand

देहरादून: Dehradun-Pithoragarh Air Service Launched in Uttarakhand, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को देहरादून-पिथौरागढ़ के बीच अलायंस एयर की 42 सीट की विमान सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दोनों शहरों के बीच यह विमान सेवा पिछले करीब छह माह से बंद थी जिसे अब दोबारा शुरू किया गया है।

ऋषिकेश के निकट जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर विमान को रवाना करने के मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी के शुभ अवसर पर शुरू हुई इस हवाई सेवा के जरिये पिथौरागढ़ और देहरादून के बीच का सफर एक घंटे में पूरा हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस हवाई सेवा से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह सेवा सामरिक रूप से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है ।

उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ के नैनी सैनी हवाई अड्डे को 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है और इसके अधिग्रहण के लिए नौ नवंबर, 2025 को राज्य स्थापना दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और उत्तराखंड सरकार के मध्य समझौता ज्ञापन किया गया था।

बोले सीएम धामी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2016 में शुरू हुई 'उड़ान' योजना के माध्यम से छोटे शहरों, दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़कर आम नागरिकों को सस्ती दरों पर हवाई सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं । उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए हवाई सेवाएं मात्र एक परिवहन का साधन नहीं, बल्कि जीवन रेखा बन चुकी हैं जहां दुर्गम और दूरस्थ अंचलों में आवश्यक सामग्री पहुंचाने से लेकर गंभीर रोगियों को त्वरित उपचार के लिए बड़े अस्पतालों तक लाने में हवाई सेवाएं कारगर साबित हो रही हैं ।


सीएम धामी ने कहा कि वर्तमान में 'उड़ान' के अंतर्गत राज्य में 26 हवाई मार्गों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई संपर्क से जोड़ने के लिए 2023 में “उत्तराखण्ड एयर कनेक्टिविटी योजना” प्रारंभ की गई है और वर्तमान में इसके तहत छह हवाई मार्गों पर उड़ानों का नियमित संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीते चार साल में प्रदेश में हेलिपोर्ट की संख्या दो से बढ़कर 12 हो गई है जबकि हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो चुकी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” जैसा राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हो चुका है।


इस मौके पर केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू ने एक वीडियो संदेश के जरिये देहरादून- पिथौरागढ़ विमान सेवा के लिए अपनी शुभकामानाएं देते हुए राज्य में हवाई सुविधाओं को बढ़ावा देने का आश्वासन दिया।

डीएम ने क्या कहा?
उधर, पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी आशीष भटगाई ने बताया कि पिथौरागढ़ और देहरादून के बीच अलायंस एयर की यह हवाई सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली और पिथौरागढ़ के बीच भी यही कंपनी सेवाएं दे रही हैं। देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच करीब एक साल तक विमान सेवा चलने के बाद पिछले साल अक्टूबर में यह बंद हो गयी थी।