अजमेर की सड़कों पर 'मौत का स्टंट': बाइक की टंकी पर महिला को बिठाकर 3 किमी तक दौड़ाई बाइक; अब पुलिस करेगी हिसाब
'Death-Defying Stunt' on Ajmer's Streets
अजमेर: 'Death-Defying Stunt' on Ajmer's Streets, राजस्थान के अजमेर जिले से लापरवाही और ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है। शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक कचहरी रोड से मार्टिंडल ब्रिज तक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है। इस वीडियो में एक युवक अपनी जान के साथ-साथ एक महिला की जिंदगी को भी दांव पर लगाकर स्टंटबाजी करता नजर आ रहा है।
जब बाइक की टंकी पर साड़ी पहनकर बैठी महिला
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक तेज रफ्तार बाइक चला रहा है, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि बाइक की टंकी पर युवक के सामने एक महिला साड़ी पहनकर बैठी हुई है। युवक ने ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखकर करीब 3 किलोमीटर तक इसी खतरनाक अंदाज में बाइक दौड़ाई। इस दौरान सड़क पर अन्य वाहन भी चल रहे थे, लेकिन युवक को न तो अपनी जान की परवाह थी और न ही पीछे से आ रहे ट्रैफिक की।
पीछे चल रहे वाहन चालक ने बनाया वीडियो
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान पीछे चल रहे किसी अन्य वाहन चालक ने अपने मोबाइल में यह नजारा कैद कर लिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला टंकी पर इस तरह बैठी है कि चालक को सामने का रास्ता देखने में भी परेशानी हो रही होगी। साड़ी के बाइक के पहिए या चैन में फंसने का भी गंभीर खतरा था, जिससे कोई बड़ा हादसा हो सकता था। अब यह वीडियो सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर सामने आया तो लोग युवक की इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत की आलोचना कर रहे हैं।
पुलिस का एक्शन: नंबर प्लेट से होगी पहचान
मामला सोशल मीडिया पर तूल पकड़ने के बाद अजमेर पुलिस भी हरकत में आ गई है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि वीडियो की गहनता से जांच करवाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बाइक के नंबर के आधार पर मालिक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया जाएगा। बिना हेलमेट और खतरनाक तरीके से सवारी बैठाने के जुर्म में भारी चालान काटा जाएगा। जरूरत पड़ने पर चालक का ड्राइविंग लाइसेंस भी रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।