लखनऊ में जानलेवा मांझा बना खतरा, प्रतिबंध के बावजूद नहीं थम रहीं घटनाएं

लखनऊ में जानलेवा मांझा बना खतरा, प्रतिबंध के बावजूद नहीं थम रहीं घटनाएं

Deadly manjha poses a threat in Lucknow

Deadly manjha poses a threat in Lucknow

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीजीपी राजीव कृष्ण के आदेश के बावजूद पुलिस और प्रशासन धारदार मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाने में असफल हो रही है। नतीजतन, मांझे से होने वाली घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार को एक बार फिर मांझे की चपेट में आने से किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के चिकित्सक दीपक गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी नाक और आंख के पास घाव हुआ है। ट्रामा सेंटर में उनका इलाज किया गया।


जौनपुर के सुजानगंज निवासी दीपक गुप्ता केजीएमयू में डाक्टर हैं। इन दिनों उनकी ड्यूटी सरोजनी नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लगी है। वह किराये का कमरा लेकर डालीगंज के जवाहर नगर इलाके में रहते हैं। दीपक ने बताया कि बुधवार की सुबह वह बाइक से हेलमेट लगाकर ड्यूटी जा रहे थे। चौक के विक्टोरिया स्ट्रीट फ्लाईओवर पर पहुंचे तभी उनके चेहरे पर आकर अचानक से धारदार मांझा फंस गया। वह कुछ समझ पाते इसके पहले ही मांझे से उनकी नाक के ऊपरी हिस्से और आंख के पास गहरा घाव हो गया। बाइक भी अनियंत्रित हो गई।

किसी तरह वह गिरने से बचे और बाइक किनारे रोकी। इस बीच राहगीर भी मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने दीपक को ट्रामा सेंटर पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया है। फ़िलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है। हालांकि, उन्होंने पुलिस से अभी तक कोई शिकायत नहीं की है।

नाका ओवरब्रिज पर युवती घायल: बुधवार दोपहर नाका ओवरब्रिज पर जा रही एक युवती मांझे की चपेट में आने से घायल हो गई। वह स्कूटी से डीएवी कालेज की तरफ जा रही थी। इसी बीच मांझा युवती के चेहरे पर फंस गया। युवती कुछ समझ पाती इसके पहले ही मांझे से उसके चेहरे घाव हो गया। हालांकि, उनकी पहचान नहीं हो सकी है। घटना का वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित हो गया। आसपास के लोगों ने उसे निजी अस्पताल भेज दिया। मामले को लेकर पुलिस से शिकायत नहीं की गई है।

27 मार्च 2024: हजरतगंज कोतवाली के एसएसआइ का अंगूठा ईदगाह रोड पर मांझे से कट गया।
23 फरवरी 2025: बीबीडी इलाके में मांझे से बाइक सवार अमन घायल।
तीन सितंबर 2025: हैदरगंज में व्यवसायी आसिम मार्शल दो बेटियों को लेकर स्कूल से घर जा रहे थे। मांझे की चपेट में आकर घायल हुए।
तीन फरवरी 2026: दुबग्गा निवासी 33 वर्षीय मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव मोहम्मद शोएब के गले में हैदरगंज ओवरब्रिज पर मांझा फंसा, गला कटने से मौत
चार फरवरी 2026: गोमती नगर विस्तार में मलेसेमऊ गांव के पास शहीद पथ पर पूर्व एयरफोर्स कर्मी बृजेश राय मांझे की चपेट में आए। होठ दाढ़ी का निचला हिस्सा कटा।