डीसी और डीसीपी ने संभाली कमान, खड़क मंगोली और बीड़ घग्गर में निकाला फ्लैग मार्च
DC and DCP Take Command
मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया
अर्थ प्रकाश आदित्य शर्मा
पंचकूला, 5 मई। DC and DCP Take Command: आगामी 10 मई को होने वाले पंचकूला नगर निगम चुनाव के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज पंचकूला के खड़क मंगोली और बीड़ घग्गर जैसे अति-संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल के साथ एक व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च जिला उपायुक्त सतपाल शर्मा और पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता की उपस्थिति में आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करना और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों को कड़ा संदेश देना था। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण किया और वहां सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस फ्लैग मार्च और निरीक्षण अभियान के दौरान एसडीएम कालका संयम गर्ग, चंडीमंदिर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रामपाल, सेक्टर-7 एडिशनल एसएचओ सब इंस्पेक्टर आशीष कुंडू और सेक्टर-1 चौकी इंचार्ज राममेहर सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस सक्रियता ने स्पष्ट कर दिया है कि 10 मई को होने वाले मतदान के दौरान सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम रहेंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा डालने या चुनावी नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों को बख्शा नहीं जाएगा। डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को विशेष रूप से चिन्हित किया जा रहा है और किसी भी अप्रिय घटना या आचार संहिता के नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए जिले के सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान चलाएं ताकि असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके।
इस दौरान डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने स्थानीय नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल और शांतिपूर्ण बनाने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक खबरों से सावधान रहें। यदि किसी भी नागरिक को कोई संदिग्ध व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो वे तुरंत हरियाणा पुलिस के इमरजेंसी नंबर डायल 112 पर सूचना दें।