श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान CRPF जवान तेजपाल का निधन, गांव में शोक की लहर
- By Gaurav --
- Saturday, 30 May, 2026
CRPF Jawan Tejpal Dies
हरियाणा के पानीपत जिले के गांव गढ़ सरनाई निवासी सीआरपीएफ जवान तेजपाल का श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से निधन हो गया। जवान की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार तेजपाल वर्ष 2001 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। वह हाल ही में छुट्टी बिताकर सोमवार को ही अपनी ड्यूटी पर श्रीनगर लौटे थे। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जवान तेजपाल का पार्थिव शरीर श्रीनगर से दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया है। उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव गढ़ सरनाई लाया जाएगा, जहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
तेजपाल अपने पीछे परिवार में तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके दो बच्चे मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रहे हैं, जबकि सबसे छोटा बेटा संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी में जुटा हुआ है।
जैसे ही जवान की मृत्यु की सूचना परिजनों तक पहुंची, घर में मातम छा गया। गांव के लोग बड़ी संख्या में परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग तेजपाल की सेवाओं को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।