"कांग्रेस का वॉकआउट, विधानसभा में नाबालिग हत्या मामले पर हंगामा"

"कांग्रेस का वॉकआउट, विधानसभा में नाबालिग हत्या मामले पर हंगामा"

Congress walks out

creates ruckus in Assembly over minor's murder case

राजस्थान विधानसभा में बीकानेर में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म कर हत्या के मामले को लेकर शून्यकाल के दौरान तीखा हंगामा हुआ। कांग्रेस और भाजपा विधायकों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और जोरदार नोकझोंक के बाद कांग्रेस विधायकों ने विरोध जताते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया।
 
कांग्रेस विधायक डूंगरराम गेदर ने शून्यकाल के दौरान बीकानेर में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले को सदन में उठाया। उन्होंने मामले की गंभीरता पर ध्यान दिलाते हुए सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग की।विज्ञापन
 
जवाब में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने सदन को बताया कि मामले की पुलिस जांच जारी है। बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखा गया है और बीकानेर के एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। उन्होंने सदन को भरोसा दिलाया कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
 
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार पर अपराध नियंत्रण में विफल रहने का आरोप लगाया और बच्ची के साथ हुए अपराध में जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल उठाती हैं।
 
सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने विपक्ष पर इस गंभीर मामले में राजनीति करने का आरोप लगाया। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने भी विपक्ष पर “ओछी राजनीति” करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार मामले को गंभीरता से ले रही है। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और कांग्रेस विधायकों ने वॉकआउट की घोषणा कर सदन से बाहर चले गए।
 
वॉकआउट के बाद विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सदन की व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया। ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर चर्चा के लिए नाम पुकारे जाने पर वॉकआउट कर चुके कांग्रेस विधायक मनीष यादव के लौटकर बोलने पर स्पीकर ने उन्हें चेताया कि एक साथ वॉकआउट और चर्चा में भागीदारी स्वीकार्य नहीं है। इसी दौरान एक भाजपा विधायक की टोकाटाकी पर भी अध्यक्ष ने नाराजगी जताई और कहा कि उनके निर्णय के बाद बीच में बोलना उचित नहीं है। स्पीकर ने सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों से सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने में सहयोग की अपील की।