चारधाम यात्रा में अवैध वाहनों पर शिकंजा, ऋषिकेश में छापेमारी
Crackdown on illegal vehicles during Chardham Yatra
ऋषिकेश। चारधाम यात्रा में मोटी कमाई के लालच में अवैध रूप से संचालित डग्गामार यात्री वाहनों की शिकायत पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) ऋषिकेश रश्मि पंत (प्रवर्तन) ने आइएसबीटी में छापा मारा।
इस दौरान कई डग्गामार वाहनों में यात्री बैठाते रंगे हाथ पकड़ा गया। यही नहीं, जांच में यह पाया गया कि ट्रैवल एजेंट यात्रियों से अधिक किराया वसूलकर सामान्य व्यावसायिक वाहनों में यात्रा करा रहे हैं और धड़ल्ले से आर्थिक शोषण कर रहे हैं।
वहीं, जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार की ओर से यात्रियों का किसी भी तरह का शोषण न करने की चेतावनी को ऋषिकेश में ट्रैवल एजेंट गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
औचक निरीक्षण
गुरुवार को एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने आइएसबीटी व आसपास के क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। विभागीय टीम को देख कई डग्गामार वाहन चालक फरार हो गए। जबकि, विभागीय टीम ने अवैध रूप से संचालित हो रहे कई वाहनों को मौके पर पकड़ लिया।
एआरटीओ रश्मि पंत ने बताया कि विशेष रूप से अनधिकृत रूप से फुटकर सवारी बैठाने वाले वाहनों, निजी वाहनों का व्यावसायिक प्रयोग करने वाले वाहनों और अवैध रूप से यात्री बैठा रहे अन्य राज्यों के वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कहा कि कई ट्रैवल एजेंसी से संचालित ऐसे वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई जो बिना ट्रिप कार्ड एवं ग्रीन कार्ड के चारधाम यात्रा में यात्री ले जा रहे थे। यह भी पता चला कि कई ट्रैवल एजेंट सवारियों से ज्यादा पैसा ले रहे हैं। संबंधित ट्रैवल एजेंसी को नोटिस जारी किए गए हैं।
चारधाम यात्रा के लिए अब तक आनलाइन पंजीयन
यमुनोत्री, 3,69,921
गंगोत्री, 3,81,317
केदारनाथ, 7,75,621
बदरीनाथ 6,48,928
हेमकुंड साहिब, 24,146
कुल, 21,99,993
23 अप्रैल को आफलाइन पंजीयन
यमुनोत्री 1,148
गंगोत्री 1,155
केदारनाथ, 1,557
बदरीनाथ 1,547
कुल, 5,407
नोट: आनलाइन के आंकड़े 23 अप्रैल तक के और आफलाइन के केवल 23 अप्रैल के।