Crackdown on Illegal Mining

अवैध खनन पर सख्ती: हरियाणा में विशेष अभियान, बिना पास 3 वाहन जब्त

pp

Crackdown on Illegal Mining

हरियाणा में अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों पर सख्ती बढ़ाते हुए गुरुवार तड़के सुबह करीब 4 बजे मुख्यमंत्री उड़न दस्ता, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण (RTA) और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से सड़कों पर हड़कंप मच गया और कई वाहन चालक रास्ता बदलते नजर आए।

सीएम फ्लाइंग के इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि अन्य राज्यों से खनन सामग्री से भरे भारी वाहन बिना इंटर स्टेट ट्रांजिट पास (ISTP) के हरियाणा में प्रवेश कर रहे हैं। नियमों के अनुसार खनन सामग्री लाने वाले वाहनों के लिए प्रति टन 80 रुपये का ट्रांजिट पास अनिवार्य है, लेकिन कई चालक नियमों की अनदेखी कर अवैध तरीके से प्रवेश कर रहे थे।

इसी सूचना के आधार पर सीएम फ्लाइंग, RTA विभाग के एडीटीओ गुरप्रीत सिंह संधू और माइनिंग इंस्पेक्टर अतुल की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। करीब चार घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान 25 वाहनों की जांच की गई। जांच में तीन वाहन बिना ISTP के खनन सामग्री, विशेष रूप से लाइमस्टोन, लेकर आते पाए गए और ओवरलोड भी थे।

टीम ने मौके पर ही इन तीनों वाहनों को जब्त कर लिया और संबंधित विभागों द्वारा भारी जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने कहा कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की कि वे दूसरे राज्यों से खनन सामग्री लाते समय अनिवार्य रूप से इंटर स्टेट ट्रांजिट पास बनवाएं और सभी नियमों का पालन करें, ताकि कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।