पंजाब में लावारिस कुत्तों पर विवाद तेज, रवीना टंडन ने सीएम भगवंत मान से की मानवीय समाधान की अपील

पंजाब में लावारिस कुत्तों पर विवाद तेज, रवीना टंडन ने सीएम भगवंत मान से की मानवीय समाधान की अपील

Controversy over stray dogs intensifies in Punjab

चंडीगढ़। पंजाब में लावारिस कुत्तों को लेकर शुरू हुए विवाद के बीच अब अभिनेत्री रवीना टंडन भी खुलकर सामने आ गई हैं। रवीना टंडन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मुख्यमंत्री भगवंत मान के नाम एक भावुक संदेश साझा करते हुए इस संवेदनशील मुद्दे पर मानवीय और संतुलित समाधान अपनाने की अपील की है।

अभिनेत्री ने अपने संदेश में कहा कि देशभर में सर्वोच्च अदालत के फैसले और स्ट्रे एनिमल मैनेजमेंट को लेकर चल रही चर्चाएं बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने लिखा कि सार्वजनिक सुरक्षा बेहद जरूरी है, लेकिन फैसलों की व्याख्या और उनका पालन इंसानियत और संतुलन के साथ होना चाहिए।

रवीना टंडन ने कहा-

नसबंदी, टीकाकरण, उचित शेल्टर होम और व्यवस्थित पुनर्वास जैसी व्यवस्थाएं नागरिकों और जानवरों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती हैं। यदि सरकार, पशु कल्याण संगठनों और विशेषज्ञों का सहयोग मिले तो पंजाब इस संवेदनशील मुद्दे को जिम्मेदारी और दया के साथ संभालने की मिसाल बन सकता है।

Raveena

इंटरनेट मीडिया पर डाला गया संदेश।

बेजुबानों के साथ अच्छे व्यवहार की कही बात

अभिनेत्री ने अपने संदेश में यह भी कहा कि समाज की असली पहचान इस बात से होती है कि वह बेजुबानों के साथ कैसा व्यवहार करता है। उनके इस संदेश के बाद सोशल मीडिया पर बहस और तेज हो गई है। बड़ी संख्या में लोग उनके समर्थन में प्रतिक्रिया दे रहे हैं, जबकि कुछ लोग सार्वजनिक सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात भी कह रहे हैं।

दरअसल, मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से लावारिस कुत्तों को लेकर की गई पोस्ट के बाद पंजाब में यह मुद्दा लगातार चर्चा में बना हुआ है। पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री, सामाजिक संगठनों और कई राजनीतिक नेताओं ने भी इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी है।

https://www.arthparkash.com/major-terror-plot-foiled-in-punjab

कई बड़े चेहरे दे चुके प्रतिक्रिया

इससे पहले अभिनेता सोनू सूद, अभिनेत्री सोनम बाजवा, गायिका रुपिंदर हांडा और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू भी स्ट्रे डॉग्स को न मारने की अपील कर चुके हैं। अब रवीना टंडन के बयान के बाद यह मुद्दा और अधिक सुर्खियों में आ गया है। पशु प्रेमी संगठनों का कहना है कि सरकार को स्थायी और मानवीय समाधान की दिशा में काम करना चाहिए ताकि लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ बेजुबान जानवरों की जिंदगी भी सुरक्षित रह सके।