दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रमों पर विवाद, भाजपा ने अलगाववादी ताकतों पर साधा निशाना
Controversy erupts over Diljit Dosanjh's performances
चंडीगढ़। पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रमों के दौरान खालिस्तान समर्थक तत्वों द्वारा विरोध और हंगामे के मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने इसे पंजाबियत, भारत की एकता और देश की सांस्कृतिक पहचान पर हमला करार दिया। उन्होंने कहा कि दिलजीत दोसांझ जैसे कलाकार केवल गायक नहीं, बल्कि दुनिया भर में पंजाब और भारत की पहचान को मजबूत करने वाले सांस्कृतिक दूत हैं।
आरपी सिंह ने कहा कि विदेशों में बैठे अलगाववादी और कट्टरपंथी तत्व लगातार पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिलजीत दोसांझ को खालिस्तान समर्थक गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से लगातार धमकियां दी जा रही हैं, जो बेहद गंभीर विषय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से दिलजीत दोसांझ की मुलाकात के बाद इस तरह की घटनाओं का सामने आना कई सवाल खड़े करता है। इससे साफ है कि भारत विरोधी ताकतें उन पंजाबियों से घबराई हुई हैं जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का मान बढ़ा रहे हैं।
आम आदमी पार्टी पर भी उठाया सवाल
भाजपा प्रवक्ता ने आम आदमी पार्टी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पन्नू खुद सार्वजनिक रूप से यह दावा कर चुका है कि उसने आम आदमी पार्टी के चुनाव अभियानों को फंड किया था। ऐसे में जब भारतीय कलाकारों को अलगाववादी तत्व निशाना बना रहे हैं, तब आम आदमी पार्टी के बड़े नेताओं की चुप्पी संदेह पैदा करती है।
आरपी सिंह ने कहा कि पंजाब की असली पहचान देशभक्ति, बलिदान, सेवा और भाईचारे की रही है। कुछ मुट्ठीभर अराजक तत्व पंजाब की सोच का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज को नफरत और अलगाववाद के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए और उन कलाकारों का समर्थन करना चाहिए जो दुनिया में पंजाब और भारत का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश की एकता और सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने वाली ताकतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत है, ताकि विदेशों में भारत की छवि खराब करने की कोशिशें सफल न हो सकें।