"कांग्रेस कर रही बहन-बेटियों के नाम पर घिनौनी राजनीति": सीएम धामी
"Congress is engaging in despicable politics
पिथौरागढ़। चंपावत के सामूहिक दुष्कर्म षड्यंत्र प्रकरण पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस पार्टी की जमीन गायब हो चुकी है। अब कांग्रेसी बहन-बेटियों व बच्चों को आगे कर घिनौनी राजनीति कर रहे हैं। इस तरह की नकारात्मक मानसिकता को देवभूमि की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
शुक्रवार को पिथौरागढ़ पहुंचे सीएम धामी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चंपावत का प्रकरण कोई पहला नहीं है। इससे पहले भी इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं।
देश के अंदर जिस तरह से कांग्रेस का सफाया हो चुका है, उससे वह बौखला चुकी है और अब बहन-बेटियों को आगे कर घिनौनी राजनीति की जा रही है। जनता यह सब भली-भांति देख रही है।
हाल ही में हुए बंगाल चुनाव में भी जनता ने नकारात्मक मानसिकता वाली तृणमूल कांग्रेस की सरकार को सत्ता से बेदखल करते हुए भारतीय जनता पार्टी को अपना पूर्ण समर्थन दिया है।
आज देश के अधिकांश राज्यों में भाजपा की डबल इंजन की सरकार है। आगामी विधानसभा चुनाव में भी प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनाने में जनता अपना पूरा आशीर्वाद देगी। इस बार कांग्रेस बेहद कम सीटों पर सिमट कर रह जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। इससे पूर्व सीएम ने 10492.97 लाख रुपए की लागत के 23 विकास कार्यों का लोकार्पण और 6027.59 लाख की योजनाओं का शिलान्यास किया।
चौकोड़ी में दीपिका की शादी में पहुंचे, बेरीनाग में खाई जलेबी
मुख्यमंत्री धामी ने चौकोड़ी पहुंचकर डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल की सुपुत्री एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपिका चुफाल के वैवाहिक कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
नव विवाहित जोड़े को शुभाशीष देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। बेरीनाग बाजार से गुजरते समय सीएम ने स्थानीय व्यापारी दान सिंह मेहरा की दुकान पर रुककर जलेबी का स्वाद भी लिया।
वहां उपस्थित लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल भी जाना। लक्ष्मण सिंह महर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कैपस पिथौरागढ़ में आयोजित कैलास उत्सव-2026 का शुभारंभ काते हुए सीएम ने कहा कि यह उत्सव हमारी आध्यात्मिक चेतना का संगम है।
पिथौरागढ़ से शीघ्र ही अन्य शहरों के लिए भी चलेगी फ्लाइट
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के नैनी-सैनी एयरपोर्ट का 450 करोड़ की लागत से विस्तारीकरण किया जाना है।
वर्तमान में यहां से दिल्ली-देहरादून के लिए हवाई सेवा संचालित की जा रही है। एयरपोर्ट के विस्तारीकण होने के बाद शीघ्र ही पिथौरागढ़ से अन्य शहरों को भी जोड़ा जाएगा।
सशस्त्रों बलों के साथ एक वर्ष में 13 करोड़ का हुआ व्यापार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उच्च हिमालयी गुंजी, माणा आदि गांवों को देश के पहले गांव की संज्ञा दी है। इन गांवों में वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत कई कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
वाइब्रेंट विलेज में तैनात आइटीबीपी, एसएसबी व सेना के साथ स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए समझौता किया गया है। जिसके तहत एक वर्ष में ही 13 करोड़ का व्यापार हो चुका है।