30 जून तक नालों की सफाई पूरी करें, जलभराव नहीं होना चाहिए: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
- By Gaurav --
- Sunday, 28 Jun, 2026
Complete Drain Cleaning by June 30
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बरसात के मौसम से पहले शहरी निकायों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि राज्य के सभी बड़े नालों, नालियों और ड्रेनों की सफाई हर हाल में 30 जून तक पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि जलभराव और संक्रमण की रोकथाम के लिए गलियों की नालियों की नियमित सफाई के साथ आवश्यकता अनुसार चूने का छिड़काव भी सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी और परिणाम आधारित बनाने के लिए नगर निगमों और नगरपालिकाओं में वार्डों की त्रैमासिक रैंकिंग शुरू करने के निर्देश दिए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वार्डों को 2 अक्टूबर को सम्मानित किया जाएगा, जबकि बेहतर कार्य करने वाले सफाई कर्मचारियों को भी पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक घर से नियमित रूप से कचरा संग्रहण किया जाए, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े के ढेर न लगने दिए जाएं तथा कचरा उठाने वाले सभी वाहनों को जीपीएस से जोड़ा जाए, ताकि उनकी प्रभावी निगरानी की जा सके। साथ ही वार्ड समितियों के लिए अलग पोर्टल विकसित करने और हर तीन माह में उनके साथ बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए।
सुशासन को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली अनिवार्य रूप से लागू करने, कर्मचारियों को हर महीने एचआरएमएस पोर्टल पर कार्य विवरण अपलोड करने तथा सीएफएमएस और इंट्रा हरियाणा पोर्टल के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत योजना का दायरा बढ़ाने, जिला अस्पतालों की क्षमता मजबूत करने तथा मरीजों के मेडिकल रिकॉर्ड और प्रिस्क्रिप्शन को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को जल्द से जल्द योजना से जोड़कर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।