'फील्ड पर अलर्ट रहें अफसर': मथुरा हादसे के बाद सीएम योगी का आदेश, बोले- कोहरे की लाउडस्पीकर से दें चेतावनी

'फील्ड पर अलर्ट रहें अफसर': मथुरा हादसे के बाद सीएम योगी का आदेश, बोले- कोहरे की लाउडस्पीकर से दें चेतावनी

CM Yogi's Order after the Mathura Accident

CM Yogi's Order after the Mathura Accident

लखनऊ। CM Yogi's Order after the Mathura Accident: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड को देखते हुए सड़कों, गलियों, हाईवे से लेकर एक्सप्रेस-वे तक सुरक्षा इंतजाम चाक-चौबंद रखे जाएं। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए टोल प्लाजा पर लाउडस्पीकर से चेतावनी देने और तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी एक्सप्रेसवे पर पेट्रोलिंग बढ़ाने, ब्लैक स्पाट पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने, क्रेन और एम्बुलेंस को 24 घंटे उपलब्ध रखने को कहा है।

बुधवार को अपने सरकारी आवास पर मुख्यमंत्री ने ठंड और कोहरे से बचाव के लिए मंडलायुक्त, आइजी, जिलाधिकारी, पुलिस, यातायात और नगर निकायों के अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि जनजीवन, यातायात और निराश्रितों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोहरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।

ऐसे में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) और राज्य हाईवे के साथ समन्वय बनाकर आपात सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ठंड और शीतलहर में कोई भी व्यक्ति खुले में सोता न मिले। निराश्रितों को रैन बसेरों तक पहुंचाया जाए। रैन बसेरों में हीटर, अलाव और कंबल की समुचित व्यवस्था हो। गोशालाओं में भी गोवंश को ठंड से बचाने के लिए अलाव और अन्य जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

सरकार ने जारी किए यातायात के दिशा निर्देश

- धुंध के दौरान वाहन की गति निर्धारित सीमा से कम रखें।
- वाहन की फाग लाइट का प्रयोग करें और हेडलाइट को लो-बीम पर रखें।
- इमरजेंसी इंडिकेटर्स को चालू रखें।
- आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।
- एक्सप्रेस-वे पर बार-बार लेन बदलने से बचें।
- ओवरटेकिंग बिल्कुल न करें।
- यदि कोहरा बहुत घना हो, तो सावधानी से वाहन चलाएं।
-वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर टेप जरूर लगवाए।

सभी एक्सप्रेसवे पर 80 किमी प्रतिघंटा होगी अधिकतम स्पीड

कोहरे के कारण राज्य में बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम रफ्तार 120 से कम करके 80 किलोमीटर प्रति घंटा की जाएगी। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने इस संबंध में शासन को पत्र लिखा है। फिलहाल यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है।

यूपीडा के रूट सेफ्टी एवं सुरक्षा के नोडल अफसर राजेश पांडेय ने बताया कि हर वर्ष सर्दी में वाहनों की रफ्तार कम की जाती है। इस वर्ष भी वाहनों की अधिकतम रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की जाएगी। जल्द ही शासन से स्वीकृति मिलते ही पूर्वांचल, आगरा-लखनऊ, गोरखपुर लिंक व बुंदेलखंड आदि एक्सप्रेसवे पर भी वाहनों की स्पीड 120 से घटाकर अधिकतम 80 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी जाएगी।

298 स्थायी व 550 अस्थायी बनाए गए रैन बसेरा

शीतलहर से बचाव के लिए निकायों में 298 स्थायी और 550 अस्थायी रैन बसेरों की व्यवस्था की गई है। स्थानीय निकाय निदेशक अनुज कुमार झा ने बताया कि नगर निगम, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत स्तर पर आश्रयहीन व्यक्तियों के सुरक्षित ठहराव के लिए रैन बसेरों की संख्या बढ़ाई जा रही है। रैन बसेरों व अन्य चिन्हित स्थानों पर 3638 अलाव जलाए जा रहे हैं। 1781 कंबल बांटे गए हैं। सभी नगरीय निकायों को निर्देश दिए गए है कि रैन बसेरों की नियमित निगरानी की जाए। अलाव, कंबल और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं में कमी न रहे।