CM योगी आज गोरखपुर और कुशीनगर को देंगे ₹1,283 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
- By Gaurav --
- Saturday, 11 Jul, 2026
CM Yogi to Launch ₹1,283 Crore
गोरखपुर/कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोरखपुर और कुशीनगर जिले को 1,283 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वह कुल 488 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री पहले कुशीनगर के टेकुआटार पहुंचेंगे, जहां रामकोला, हाटा और कुशीनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 525 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई से जुड़े कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे तथा विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री गोरखपुर के पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के भटहट-बांसस्थान पहुंचेंगे, जहां 758 करोड़ रुपये की लागत वाली 24 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें लगभग 697 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पांच प्रमुख सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण तथा करीब 60.64 करोड़ रुपये की लागत वाले 19 सड़क एवं पर्यटन विकास कार्यों का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री 11.6 किलोमीटर लंबे भटहट-बांसस्थान फोरलेन मार्ग का भी लोकार्पण करेंगे। इस सड़क के शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय तक पहुंच पहले से अधिक आसान हो जाएगी।
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री राज्य के पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय का निरीक्षण भी करेंगे। यहां पुरुष एवं महिला छात्रावास के लोकार्पण की भी संभावना है। पुरुष छात्रावास का नाम ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ और महिला छात्रावास का नाम 'राप्ती' रखा गया है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री 12 जुलाई को गोरखपुर में आयोजित प्रदेशव्यापी पौधरोपण महाअभियान में भी भाग लेंगे। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वह गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे पौधारोपण करेंगे। इस वर्ष उत्तर प्रदेश सरकार ने 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।