सीएम योगी ने ली रवि किशन की 'मौज': "डिग्री गले में टांग सकते हैं, नौकरी नहीं मिलेगी"
CM Yogi Teases Ravi Kishan
Gorakhpur: CM Yogi Teases Ravi Kishan: सीएम योगी आदित्यनाथ और गोरखपुर सांसद रवि किशन के बीच के मजाकिया तंज खूब चर्चा में रहते हैं. अब सीएम योगी ने पीएचडी की उपाधि को लेकर सांसद रवि किशन की चुटकी ली है. योगी ने कहा- 'उपाधि तो मिल गई, लेकिन आप प्रोफेसर नहीं लिख सकते. उस डिग्री को लेकर जाएंगे तो नौकरी नहीं मिलेगी. उसे गले में टांग सकते हैं'.
दरअसल, सीएम योगी ने सांसद रवि किशन पर मजाकिया तंज रामगढ़ताल स्थित बाबा गंभीर नाथ प्रेक्षागृह में आयोजित शिक्षामित्र सम्मान समारोह में किया. सीएम योगी ने कहा- 'रवि किशन हमसे कह रहे थे कि आपने मुझे बधाई नहीं दी, तो मैंने पूछा काहे की बधाई, तो रवि किशन ने कहा कि मुझे पीएचडी की उपाधि मिली है'.
डॉक्टर बनकर चले गए तो क्या होगा
सीएम- 'मैंने कहा भाई वह मानद उपाधि है. तो रवि किशन ने कहा कि मैं प्रोफेसर लिखूंगा, तो सीएम ने कहा- अरे भाई आप प्रोफेसर नहीं सकते लिख. उस डिग्री को लेकर जाएंगे तो उसके नाम पर नौकरी भी नहीं मिलेगी. आप उसे गले में टांग सकते हैं. कहीं जाएं तो अपने साथ लटका के जाइए. सीएम बोले- तब रवि किशन ने कहा कि मैं डॉक्टर लिखूंगा तो मैंने उनसे कहा कि आप डॉक्टर भी नहीं लिख सकते. अगर, रवि किशन ऐसे डॉक्टर बनकर कहीं उपचार करने चले गए तो क्या होगा. मानद उपाधि उपाधि मिली है, उसके लिए मैं बधाई देता हूं'.
LNCT University ने सांसद को दी उपाधि
बात दें कि गोरखपुर से सांसद रवि किशन को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 4 मई को LNCT University द्वारा मानद डॉक्टरेट की उपाधि दी गई. सांसद रवि किशन ने सीएम को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद योगी ने उनकी मौज ली.