भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर सीएम योगी की कड़ी प्रतिक्रिया
CM Yogi reacts strongly to Youth Congress
-
सीएम योगी ने यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन की निंदा की।
-
भारत मंडपम में टॉपलेस होकर मोदी विरोधी नारे लगाए।
-
पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, कार्रवाई होगी।
नई दिल्ली। सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली के भारत मंडपम में इंडियन यूथ कांग्रेस के टॉपलेस प्रदर्शन की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे देश की छवि खराब करने का शर्मनाक प्रयास बताया। सीएम योगी ने कहा, भारत मंडपम में शर्मनाक घटना हुई है। देश की छवि खराब करने की कोशिश की गई है। हर भारतवासी को इसकी निंदा करनी चाहिए। कांग्रेस के लोग देश की कीमत पर खिलवाड़ करना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "आज, कांग्रेस पार्टी की यूथ विंग ने भारत मंडपम में एक शर्मनाक घटना की कोशिश की। दुनिया भर में भारत की इमेज खराब करने की कोशिश की गई है और हम इसकी निंदा करते हैं... ये लोग देश की कीमत पर खेल खेलना चाहते हैं... जहां 100 से ज़्यादा देशों के लोग शामिल हो रहे हैं, वे इस तरह की अफ़रा-तफ़री मचाकर अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। हर भारतीय को इस घटना की निंदा करनी चाहिए... इसके पीछे जो लोग हैं, उनके ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई होनी चाहिए।"
नई दिल्ली डीसीपी देवेश कुमार महला के मुताबिक, "यह करीब 12:30 बजे की घटना है। इन लोगों ने QR कोड के जरिए रजिस्ट्रेशन किया और फिर ये लोग अंदर आए। इन्होंने स्वेटर और जैकेट पहनी हुई थी और बाद में इन्होंने हॉल नंबर 5 के लॉबी एरिया में स्वेटर और जैकेट उतारी और फिर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। हमने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है और अन्य लोगों की पहचान की जा रही है... ये सभी इंडियन यूथ कांग्रेस के लोग थे। इनमें बिहार से 35 वर्षीय कृ्ष्णा हैं, जो कि इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हैं। बिहार से 33 वर्षीय कुंदन यादव जो कि प्रदेश सचिव हैं। उत्तर प्रदेश से अजय कुमार जो कि प्रदेश उपाध्यक्ष हैं और महबूब नगर, तेलंगाना से नरसिम्हा यादव जो कि राष्ट्रीय समन्वयक हैं... इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"