बारिश के बीच CM योगी का जनता दर्शन, 250 लोगों की सुनीं समस्याएं; अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
- By Gaurav --
- Saturday, 11 Jul, 2026
CM Yogi Holds Janata Darshan in Rain
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह प्रतिकूल मौसम के बावजूद गोरखपुर में ‘जनसेवा सर्वोपरि’ के संकल्प के साथ जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने दूर-दराज से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर जनता दर्शन का आयोजन गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 250 लोगों से मुलाकात कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए और किसी भी पात्र व्यक्ति को न्याय मिलने में देरी न हो। उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा, "घबराइए मत, हर समस्या का समाधान कराया जाएगा। सरकार सभी की पूरी मदद करेगी।"
जनता दर्शन के दौरान कई लोगों ने जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत भी दर्ज कराई। इस पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पारिवारिक भूमि विवादों का निष्पक्ष तरीके से सीमांकन और जांच कर निपटारा किया जाए। यदि किसी दबंग द्वारा गरीब की जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोगों के मामलों में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अस्पतालों से उपचार का इस्टीमेट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और मंदिर की गोशाला में गोसेवा करते हुए गोवंश को अपने हाथों से गुड़ और रोटी खिलाई।