लखनऊ में सीएम योगी का विपक्ष पर हमला, ऊर्जा संकट, स्वच्छता और विकास पर गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
CM Yogi attacks the opposition in Lucknow
लखनऊ। CM Yogi attacks the opposition in Lucknow, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि तार पर कपड़े सुखाए जाते थे वह बिजली संकट की बात करते हैं। ऊर्जा संकट यह पूरी दुनिया की चुनौती है। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के कारण ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है, लेकिन विपक्ष इसे राजनीतिक मुद्दा बना रहा है।
उन्होंने लोगों से जरूरत के अनुसार बिजली उपयोग करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वभर में तेल और ऊर्जा की कीमतें बढ़ी हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से देश में आम जनता पर कम बोझ पड़ा है। अनावश्यक स्ट्रीट लाइट न जलाएं और ऊर्जा बचत में सहयोग करें।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2017 से पहले मात्र छह हजार मेगावाट बिजली उत्पादन होता था, जबकि अब व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है।उनकी सरकार ने बीते तीन वर्षों में पिछली सरकारों के छोड़े गए गड्ढों को भरने का काम किया है और अब लक्ष्य स्वच्छ, सुव्यवस्थित व आधुनिक राजधानी तैयार करना है।
पूर्ववर्ती सरकारों पर साधा निशाना
पूर्ववर्ती सरकारों के एजेंडे में न युवा थे, न महिलाएं और न गरीब, बल्कि केवल एक परिवार था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बिना जाति और भेदभाव के गरीबों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
पिछली सरकार में गरीबों के लिए एक भी मकान नहीं बना, जबकि वर्तमान सरकार ने 17 लाख गरीबों को आवास उपलब्ध कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित कर उन्हें सम्मान देने का कार्य किया गया है।
महापौर सुषमा खर्कवाल के तीन साल पूरे होने पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वच्छ-सुंदर-समर्थ लखनऊ अभियान के तहत नगर निगम की 413 करोड़ रुपये लागत वाली 342 जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया ।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों के समय भ्रष्टाचार और अव्यवस्था का माहौल था, जिसे वर्तमान सरकार ने सुधारने का काम किया है। राजधानी स्वच्छता रैंकिंग में तीसरे स्थान तक पहुंच चुका है और अब लक्ष्य इसे देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाना है।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल से गमले चोरी पर क्या बोले सीएम?
राष्ट्र प्रेरणा स्थल से गमले चोरी होने की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ढाई करोड़ की गाड़ी से चलने वाले लोग 45 रुपये का गमला चोरी करते नजर आए । हम तो हर चौराहे पर उसकी तस्वीर लगाना चाहते थे।
उन्होंने कहा कि पहले महिलाओं की सुरक्षा खतरे में रहती थी, जबकि अब सरकार महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है।
इससे पहले महापौर सुषमा खर्कवाले ने नगर निगम द्वारा किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले केंद्र सरकार विकास के लिए धन देना चाहती थी, लेकिन राज्य सरकार उसे लेने को तैयार नहीं थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अब प्रदेश में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। राजधानी में प्रतिदिन 2100 टन कूड़े का निस्तारण किया जा रहा है और शिवरी में 20 लाख मीट्रिक टन कूड़ा हटाया जा चुका है। उन्होंने कान्हा उपवन और वन डे गवर्नेंस सिस्टम की भी सराहना की।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश तेजी से शहरीकरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है और मुख्यमंत्री की प्रेरणा से सात नई मेट्रो सिटी विकसित की जा रही हैं। उन्होंने यूपी भी इंदौर बनेगा का नारा देकर स्वच्छता अभियान को जनांदोलन बनाने की अपील की।
आयोजन में परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह, राज्यसभा सदस्य बृजलाल, विधायक ओपी श्रीवास्तव, योगेश शुक्ला, विधान परिषद सदस्य डा. लाल जी प्रसाद निर्मल, मुकेश शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता डा. नीरज सिंह और नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित पार्षद, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।