जनता दर्शन में बोले CM योगी, हर जरूरतमंद की मदद सरकार की प्राथमिकता
- By Gaurav --
- Monday, 25 May, 2026
CM Yogi Assures Quick Resolution
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा, सम्मान और जनसमस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, जनता दर्शन में शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कई मामले भी सामने आए। मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त किया कि शिक्षा और स्वास्थ्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को बेहतर शिक्षा और जरूरतमंदों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर जरूरतमंद की समस्या का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिना किसी भेदभाव के सभी को न्याय मिले और हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। साथ ही जरूरतमंदों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
मुख्यमंत्री ने राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों के शीघ्र निस्तारण पर भी जोर दिया। जनता दर्शन में आई महिलाओं से संवाद करते हुए उन्होंने अत्यधिक गर्मी को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी। योगी ने कहा कि महिलाएं अपने परिवार के बुजुर्गों, बच्चों और अन्य सदस्यों का विशेष ध्यान रखें तथा अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।