सिंगापुर पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ, यूपी में 1,000 करोड़ रुपये के निवेश पर हुई चर्चा

सिंगापुर पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ, यूपी में 1,000 करोड़ रुपये के निवेश पर हुई चर्चा

CM Yogi Adityanath arrives in Singapore

CM Yogi Adityanath arrives in Singapore

CM Yogi Adityanath arrives in Singapore : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने विदेशी दौरे के पहले चरण में सिंगापुर पहुंच चुके हैं। सिंगापुर पहुंचने पर सीएम योगी का जोरदार स्वागत किया गया। होटल के बाहर मौजूद बड़ी संख्या में लोगों ने सीएम योगी का स्वागत किया। मुख्यमंत्री योगी के साथ 11 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल भी गया है। सीएम योगी की यात्रा का मकसद उत्तर प्रदेश में निवेश और उद्योग को बढ़ावा देना है।

यूपी में टेमासेक का ₹1,000 करोड़ का निवेश

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तस्वीरों के साथ एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा, "आज सिंगापुर में टेमासेक के चेयरमैन श्री टीओ ची हियान और उनकी टीम के साथ एक अत्यंत सफल और उत्पादक बैठक हुई। इस दौरान उत्तर प्रदेश में डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक्स हब, अक्षय ऊर्जा (रिन्यूएबल एनर्जी) और औद्योगिक बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में सॉवरेन इन्वेस्टमेंट (संप्रभु निवेश) की भागीदारी के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई। मैंने वैश्विक निवेशकों के लिए राज्य के नीतिगत ढांचे और फास्ट-ट्रैकक्लीयरेंस की सुविधाओं को प्रमुखता से रेखांकित किया।" टेमासेक, यूपी में हॉस्पिटल व लॉजिस्टिक के क्षेत्र में 1000 करोड़ रुपये निवेश कर रही है।

2017 के बाद दूसरा विदेशी दौरा

मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ का यह दूसरा आधिकारिक विदेशी दौरा है। इससे पहले, साल 2017 में उन्होंने म्यांमार की यात्रा की थी। जापान और सिंगापूर की कई कंपनियां उत्तर प्रदेश में पहले से काम कर रही हैं। ऐसे में प्रदेश में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सिंगापुर और जापान दौरे पर CM

सीएम योगी 23 से 26 फरवरी तक सिंगापुर और जापान के दौरे पर रहेंगे। 23 और 24 फरवरी को सिंगापुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विभिन्न क्षेत्रों की 25 प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों से मिलेंगे। मुख्य सेक्टर जिन पर फोकस रहेगा उसमें लॉजिस्टिक्स और इंडस्ट्रियल पार्क, डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर, एग्रीबिजनेस, एविएशन इंजीनियरिंग, क्लीन एनर्जी फिनटेक और स्टार्टअप, हॉस्पिटैलिटी व थीम पार्क और पूंजी निवेश है।

25 और 26 फरवरी को जापान दौरे के दौरान मुख्यमंत्री 8 प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। जिन सेक्टरों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा उनमें ऑटोमोबाइल निवेश और सप्लाई चेन, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन हाइड्रोजन, एविएशन इलेक्ट्रॉनिक्स, रियल एस्टेट और हॉस्पिटैलिटी शामिल है।