राजस्थान में पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कटौती का सीएम ने किया स्वागत
CM Welcomes Excise Duty Cut
Jaipur News: CM Welcomes Excise Duty Cut, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajanlal Sharma) ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाने (Excise Duty on Petrol and Diesel Cut) के फैसले का पुरजोर स्वागत किया है. शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के इस कठिन दौर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व देश के लिए एक 'सुरक्षा कवच' की तरह काम कर रहा है.
लाखों परिवारों को मिलेगा आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री ने पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी ₹13 से घटाकर ₹3 प्रति लीटर और डीजल पर इसे ₹10 से घटाकर 'शून्य' करने के निर्णय को अत्यंत संवेदनशील बताया. उन्होंने जोर देकर कहा कि इस कदम से देश के लाखों परिवारों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा. सीएम के अनुसार, जब पूरी दुनिया तेल की कीमतों में अस्थिरता का सामना कर रही है, तब भारत के नागरिक इस अनिश्चितता से मुक्त रहेंगे और सुरक्षित महसूस करेंगे.
अफवाहों से दूर रहने की अपील
दरअसल, पश्चिम एशिया में तनाव और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों के $122 प्रति बैरल तक पहुंचने के बावजूद, भारत में कीमतों को स्थिर रखने के लिए सरकार ने अपने राजस्व की कुर्बानी दी है. मुख्यमंत्री ने इस मौके पर नागरिकों से एक विशेष अपील भी की है. उन्होंने कहा कि सभी नागरिक अफवाहों से दूर रहें और एकजुट होकर राज्य व राष्ट्र की प्रगति में अपना पूर्ण सहयोग दें.
'अन्य देशों में 50% तक बढ़ीं कीमतें'
प्रधानमंत्री की तरफ से पिछले चार सालों की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए लिया गया यह फैसला, आम आदमी की जेब को बड़ी राहत देने वाला है. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी स्पष्ट किया है कि जहां दुनिया के अन्य देशों में तेल की कीमतें 50% तक बढ़ गई हैं, वहीं पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता का बोझ भारतीय नागरिकों पर नहीं पड़ने दिया है.