Eknath Shinde Ayodha visit

शिवसेना को उसका असली चेहरा देंगे सीएम शिंदे, अयोध्या का दौरा कर बताएंगे पार्टी है कितनी हिंदुवादी

CM Eknath Shinde

9 अप्रैल को अयोध्या में करेंगे भगवान रामचंद्र के दर्शन

Eknath Shinde Ayodha visit : अयोध्या : बालासाहेब ठाकरे की बनाई शिवसेना कट्‌टर हिंदुवादी पार्टी होने की अपनी पहचान को खो चुकी थी। लेकिन सरकार और पार्टी पर अपना वर्चस्व साबित करने के बाद अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पार्टी को पुन: हिंंदुत्ववादी पार्टी होने की उसकी पहचान लौटाने की कोशिश में हैं। शिंदे ने महाराष्ट्र से बाहर पहली बार किसी हिंदू धार्मिक स्थल की यात्रा की योजना बनाई है। इसके लिए मुख्यमंत्री शिंदे 9 अप्रैल को अयोध्या आ रहे हैं। इस दौरान वे उत्तर प्रदेश के (Eknath Shinde and yogi Adityanath) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में सत्ता हस्तांतरण के बाद मुख्यमंत्री शिंदे पहली बार अयोध्या आ रहे हैं।

 

तीन हजार शिवसैनिकों के साथ आ रहे अयोध्या

एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार एकनाथ शिंदे रविवार को शिवसेना के करीब तीन हजार सदस्यों के साथ अयोध्या आएंगे। शिवसेना ने मंत्रियों, पार्टी सांसदों और विधायकों को ठहराने के लिए अयोध्या की लगभग सभी होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाएं बुक कर ली हैं। शिंदे के स्वागत के लिए हजारों शिवसैनिकों के शनिवार को अयोध्या पहुंचने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के काफिले और महाराष्ट्र के शिवसैनिकों के अलावा, उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 10 हजार शिवसेना कार्यकर्ता भी अयोध्या में एकत्रित होंगे।

 

लखनऊ एयरपोर्ट पर उतर सड़क मार्ग से जाएंगे अयोध्या

शिंदे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सड़क मार्ग से अयोध्या पहुंचेंगे। लखनऊ हवाईअड्डे से अयोध्या तक 150 किलोमीटर लंबे राजमार्ग पर स्वागत द्वार, बैनर और पोस्टर लगाए जा रहे हैं। ठाणे के पूर्व मेयर नरेश म्हाके ने कहा, शिंदे लखनऊ हवाई अड्डे से अयोध्या तक सौ से अधिक वाहनों के काफिले के साथ यात्रा करेंगे। उत्तर प्रदेश के शिवसैनिक बड़ी संख्या में उनका स्वागत करेंगे।
 

अयोध्या के संतों ने बुलाया है शिंदे को
शिंदे की यात्रा अयोध्या के संतों के निमंत्रण पर हो रही है और महाराष्ट्र सरकार द्वारा मंदिर निर्माण के लिए चंद्रपुर जिले से बेशकीमती सागौन की पहली खेप भेजे जाने के एक सप्ताह बाद हो रही है। अयोध्या होटल्स एसोसिएशन के संयोजक अनिल अग्रवाल ने कहा, महाराष्ट्र के शिवसैनिकों ने होटल के कमरे पहले ही बुक कर लिए हैं। हम मुख्यमंत्री शिंदे के साथ महाराष्ट्र से आने वाले मेहमानों की मेजबानी के लिए तैयार हैं। मुख्यमंत्री के प्रवक्ता विराज मुले ने कहा कि शिंदे हनुमान गढ़ी मंदिर और राम मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। वह राम मंदिर निर्माण भी देखेंगे और सरयू तट पर शाम की आरती भी करेंगे। वह रविवार शाम को मुंबई लौट आएंगे।'

अयोध्या में जिला प्रशासन ने की तैयारियां

अयोध्या के जिलाधिकारी नीतीश कुमार ने कहा, हमारी प्राथमिकता अयोध्या आने वाले लोगों को सभी सुविधाएं प्रदान करना है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के साथ आने वाले वीआईपी को सभी आवश्यक प्रोटोकॉल प्रदान किए जाएंगे। यह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री द्वारा राम मंदिर की दूसरी यात्रा होगी। मार्च 2020 में, तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। शिंदे मंत्रिमंडल के सदस्य के रूप ठाकरे के साथ आए थे। इससे पहले, शिंदे मंत्री आदित्य ठाकरे के साथ भी आए थे। उन्होंने जून 2022 में एमवीए सरकार गिराए जाने से एक पखवाड़े पहले राम मंदिर का दौरा किया था और वहां पूजा की थी।