कुरुक्षेत्र के उमरी में गुरु रविदास जयंती समारोह में पहुंचे सीएम नायब सैनी, एससी समाज के लिए बड़ी घोषणाएं
- By Gaurav --
- Sunday, 01 Feb, 2026
CM Nayab Saini reached Umri in Kurukshetra for Guru Ravidas Jayanti
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी कुरुक्षेत्र जिले के गांव उमरी में आयोजित संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गुरु रविदास जी को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को उनकी जयंती की शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि जो लोग 20 वर्षों से एक ही स्थान पर निवास कर रहे हैं, उन्हें मालिकाना हक देने के लिए विशेष पॉलिसी बनाकर रियायत प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही एससी कंपोनेंट प्लान के तहत मिलने वाले बजट का उपयोग केवल अनुसूचित समाज के कल्याण के लिए ही सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए सरकार आगामी सत्र में आवश्यक प्रावधान लाकर इसे लागू करेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि कुरुक्षेत्र के उमरी गांव में 5 एकड़ भूमि पर ₹124 करोड़ की लागत से गुरु रविदास धाम का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए सरकार ने पहले चरण में ₹90 करोड़ के कार्यों के टेंडर जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह धाम सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक चेतना और संत रविदास जी की शिक्षाओं को आगे बढ़ाने का केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु रविदास जी ने समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय का संदेश दिया, जो आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है। सरकार उनकी शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, श्याम सिंह राणा, कृष्ण पंवार, विधायक रामकुमार कश्यप, भगवान दास कबीरपंथी, पवन खरखौदा, कृष्ण कुमार, अनुसूचित समाज के प्रदेशाध्यक्ष सत्य प्रकाश, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, पूर्व मंत्री बनवारी लाल, कंवरपाल गुर्जर, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, ईश्वर सिंह, पूर्व विधायक घनश्यामदास अरोड़ा, पवन सैनी, कुलवंत बाजीगर, भाजपा उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, जयभगवान शर्मा डीडी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।