गंज बाजार में सीएम ने बोला भाजपा पर हमला -बिखरी पड़ी है प्रदेश में भाजपा, प्रदेश में अगली सरकार भी कांग्रेस की बनेगी
CM Launches Attack on BJP at Ganj Bazar
सोलन : CM Launches Attack on BJP at Ganj Bazar, नगर निगम चुनाव के प्रचार के अंतिम दिन सोलन शहर पूरी तरह चुनावीे रंग में रंगा नजर आया। सोलन शहर में बेनर व पोस्टर से चुनावी छटा साफ नजर आ रही थी। हिमाचल के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में आयोजित रोड शो के दौरान स्थानीय जनता और कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ा। सोलन पहुंचने पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल, विधायक संजय अवस्थी, विनोद सुल्तानपुरी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गंगूराम मुसाफिर,जिला कांग्रेस कमेटी के अध्य सुभाष बरमानी सहित स्थानीय नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।
सोलन के गंज बाजार में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा वर्तमान में पांच अलग-अलग गुटों में बंटी हुई है, जहाँ नेता एक-दूसरे की जड़ें काटने में लगे हैं। मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अभी भी दोबारा सत्ता में आने के सपने देख रहे हैं, लेकिन भाजपा की आंतरिक कलह इस सपने को कभी पूरा नहीं होने देंगे।

मुख्यमंत्री ने सोलन की जनता को विश्वास दिलाया कि बघाट बैंक में फंसे लोगों के पैसे को डूबने नहीं दिया जाएगा और सरकार इस पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने शहर के आधुनिकीकरण की घोषणा करते हुए कहा कि चुनावों के बाद शहरों में बिजली और संचार की तारों को अंडरग्राउंड करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह का जनसमर्थन रोड शो में दिखा है, उससे स्पष्ट है कि जनता पुन: कांग्रेस प्रत्याशियों को अपना बहुमूल्य मत देकर विजयी बनाएगी। मुख्यमंत्री ने अंत में कहा कि सभी वार्डों से उठ रही जनता की आवाज इस बात का साफ संकेत है कि सोलन में एक बार फिर कांग्रेस की स्थानीय निकाय चुनाव में विजयी होगी।
इन्हें भारी मतों से बनाएं विजयी..

मुख्यमंत्री ने सोलन नगर निगम के सभी 17 वार्डों से कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में वोट देने की अपील की। उन्होंने मंच से प्रत्येक प्रत्याशी का उल्लेख करते हुए जनता से उन्हें आशीर्वाद देने का आग्रह किया। सोलन नगर निगम में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों में वार्ड नंबर 01 से अर्चना ठाकुर, वार्ड नंबर 02 से सुनील कुमार साहनी, वार्ड नंबर 03 से सरदार सिंह ठाकुर, वार्ड नंबर 04 से संगीता ठाकुर, वार्ड नंबर 05 से गीतांजलि शर्मा, वार्ड नंबर 06 से सत्या वर्मा, वार्ड नंबर 07 पूजा तंवर, वार्ड नंबर 08 पूनम ग्रोवर, वार्ड नंबर 09 मीनाक्षी शर्मा, वार्ड नंबर 10 अंकुश सूद, वार्ड नंबर 11 हेमा शर्मा, वार्ड नंबर 12 ईश्वर, वार्ड नंबर 13 नरेन्द्र कुमार, वार्ड नंबर 14 सुलक्षणा , वार्ड नंबर 15 विनय भगनाल , वार्ड नंबर 16 अनिता कुमारी, वार्ड नंबर 17 अरुणा ठाकुर शामिल हैं।