चित्रकूट बनेगा देश की रक्षा शक्ति का नया केंद्र, BEL यूनिट से बदलेगी बुंदेलखंड की तस्वीर

चित्रकूट बनेगा देश की रक्षा शक्ति का नया केंद्र, BEL यूनिट से बदलेगी बुंदेलखंड की तस्वीर

Chitrakoot Set to Become a New Hub of the Nation

Chitrakoot Set to Become a New Hub of the Nation

बांदा: प्रभु श्रीराम की तपोभूमि और धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान वाले यूपी के चित्रकूट धाम मंडल के जनपद चित्रकूट की धरती अब एक नए युग में प्रवेश करने जा रही है। कभी दस्यु ददुआ और ठोकिया की बंदूकों की गूंज से दहशत में रहने वाला बुंदेलखंड का यह इलाका अब देश की रक्षा शक्ति का अहम केंद्र बनने की ओर बढ़ रहा है। जिन पहाड़ियों और जंगलों में वर्षों पहले भय का साया था, वहीं अब अत्याधुनिक तोपों, रडार और वायु रक्षा प्रणालियों का निर्माण होगा।
 

BEL की इकाई चित्रकूट में खुलेगी

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आगामी 11 मई को चित्रकूट में यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजना के तहत स्थापित होने वाली भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) इकाई का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही चित्रकूट देश के रक्षा मानचित्र पर एक मजबूत औद्योगिक पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ा देगा।

75 हेक्टेयर भूमि आवंटित हो चुकी है

यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के चित्रकूट नोड में बीईएल को 75 हेक्टेयर भूमि आवंटित की जा चुकी है। करीब 562.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस अत्याधुनिक इकाई में रडार, वायु रक्षा प्रणाली और रक्षा उपकरणों का निर्माण किया जाएगा। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।

युवाओं को मिलेगा रोजगार

इस परियोजना से क्षेत्र में औद्योगिक क्रांति की उम्मीद की जा रही है। फैक्ट्री स्थापित होने के बाद एक हजार से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, जबकि करीब पांच हजार लोगों के लिए अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध होगा और पलायन पर भी काफी हद तक रोक लगेगी। साथ ही छोटे और सहायक उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

चित्रकूट तेजी से रक्षा निर्माण के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा

रणनीतिक दृष्टि से भी यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। चित्रकूट में बनने वाले रडार और एयर डिफेंस सिस्टम देश की सुरक्षा क्षमता को और अधिक मजबूत करेंगे। बेहतर सड़क और रेल संपर्क के कारण चित्रकूट तेजी से रक्षा निर्माण के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है।
 

तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रहीं- जिलाधिकारी पुलकित गर्ग

जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के मुताबिक, मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। हेलीपैड, सुरक्षा, यातायात, जल एवं विद्युत व्यवस्था सहित कार्यक्रम स्थल को व्यवस्थित किया जा रहा है। सभी विभागों को समन्वय के साथ जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।