शक्ति से स्वावलंबन: 'मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान' बना यूपी की महिलाओं का संबल
'Chief Minister Youth Entrepreneur Development
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रहा ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ महिलाओं के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभरा है। यह योजना महिलाओं को घर की चारदीवारी से निकालकर न केवल उद्योग और व्यापार जगत की मुख्यधारा से जोड़ रही है, बल्कि उन्हें अपने सपने पूरे करने का ठोस धरातल भी प्रदान कर रही है। प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों के चलते आज यूपी की महिलाएं समाज की रूढ़ियों को तोड़कर अपनी विशिष्ट पहचान बना रही हैं, जो राज्य के आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन का बड़ा दस्तावेज साबित हो रहा है।
अनिता मद्धेशिया की सफलता
गोरखपुर की अनिता मद्धेशिया की कहानी इस बदलाव का जीवंत प्रमाण है। अनिता ने अपना खुद का प्ले-स्कूल खोलने का सपना देखा और इसे साकार करने के लिए जिला उद्योग केंद्र (DIC) से संपर्क किया। मुख्यमंत्री युवा योजना के तहत उन्हें ₹5 लाख का ब्याज और गारंटी मुक्त लोन प्राप्त हुआ, जिससे उन्होंने ‘ए.एस. प्लेवे क्लासेज’ की शुरुआत की। आज अनिता न केवल एक सफल उद्यमी हैं, बल्कि वे अपने साथ चार अन्य युवाओं को रोजगार देकर समाज के भविष्य को संवारने में भी योगदान दे रही हैं।
युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
योगी सरकार इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से शिक्षित और कुशल युवाओं को वित्तीय सुरक्षा कवच प्रदान कर रही है। योजना के अंतर्गत प्रदेश के युवाओं को अपना नया उद्यम स्थापित करने के लिए ₹5 लाख तक का ऋण बिना किसी ब्याज या गारंटी के उपलब्ध कराया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य राज्य में स्वरोजगार को बढ़ावा देना और शिक्षित युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर प्रदेश की जीडीपी (GDP) में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता यूपी
अनिता मद्धेशिया जैसी हजारों महिलाएं आज सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों (MSME) के माध्यम से उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। जो भी युवा उद्यमी बनने का सपना देख रहे हैं, वे अपने निकटतम जिला उद्योग केंद्र से संपर्क कर इस योजना की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को सिद्धि तक पहुँचा सकते हैं।