दिल्ली में अमित शाह और नितिन नवीन से मिले मुख्यमंत्री योगी, मंत्रियों के विभाग बंटवारे पर हुई चर्चा
Chief Minister Yogi met Amit Shah and Nitin Naveen in Delhi
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से अलग-अलग भेंट कर प्रदेश की राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा की। इस मुलाकात के बाद चर्चा यह भी है कि 10 मई को हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा जल्द हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने अमित शाह के आवास पर करीब एक घंटे तक बैठक की, जिसमें प्रदेश में हालिया मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विभागों के बंटवारे को लेकर चर्चा होने की बात कही जा रही है। संगठन और सरकार के समन्वय तथा वर्ष 2027 विधान सभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। गृह मंत्रालय व मुख्यमंत्री योगी की ओर से इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर साझा की गई तस्वीरों में मुख्यमंत्री अमित शाह को पुष्पगुच्छ भेंट करते दिखाई दिए।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी भेंट की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को पटुका और फूलों का गुलदस्ता भेंट किया। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर मुलाकात की फोटो पोस्ट करते हुए इसे शिष्टाचार भेंट बताते हुए समय देने के लिए नितिन नवीन का आभार व्यक्त किया।
मंत्रिमंडल विस्तार में योगी सरकार में छह नए चेहरों को शामिल किया गया है जबकि दो राज्यमंत्रियों का प्रमोशन किया गया है। माना जा रहा है कि विभागों का बंटवारा केवल प्रशासनिक आधार पर नहीं, बल्कि सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए मिशन-2027 की रणनीति के तहत किया जाएगा। ऐसे में इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है।