सहारनपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा, 2500 करोड़ की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

सहारनपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा, 2500 करोड़ की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

Chief Minister Yogi Adityanath will visit Saharanpur

Chief Minister Yogi Adityanath will visit Saharanpur

सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को जिले की देवबंद तहसील के गांव जड़ौदा जट्ट में जिले की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वह लाभार्थियों को प्रमाण पत्रों का वितरण कर जनसभा को संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह साढ़े 11 बजे कालिदास मार्ग लखनऊ से निकलकर 11 बजकर 50 मिनट पर अमौसी एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। इसके बाद उनका हवाई जहाज 11 बजकर 55 मिनट पर अमौसी एयरपोर्ट से सरसावा एयरफोर्स स्टेशन के लिए उड़ान भरेंगे।

वह एक बजकर पांच मिनट पर सरसावा पहुंचे। यहां से एक बजकर दस मिनट पर उनका हेलीकाप्टर सिल्डर पैराडाइज बैंक्वेट हाल के हैलीपैड के लिए प्रस्थान करेगा। वह एक बजकर 20 मिनट पर हेलीपैड पर पहुंचेंगे।

एक बजकर 30 मिनट पर वह कार्यक्रम स्थल जड़ौदा जट्ट में पहुंचे। इसके बाद एक बजकर तीस मिनट से दो बजकर तीस मिनट पर कई योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। दो बजकर 30 मिनट पर वह जड़ौदा जट्ट से हेलीपैड के लिए निकलेंगे। इस दौरान वह जिले में अन्य किसी भी जगह निरीक्षण कर सकते हैं। 

जनता को समर्पित की जाएंगी 350 विकास योजनाएं 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देवबंद के जड़ौदा जट्ट में आयोजित कार्यक्रम में करीब ढाई हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। लगभग 350 विकास योजनाएं जनता को समर्पित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सहारनपुर से विशेष लगाव साफ दिखता है। यही कारण है कि वह यहां सबसे अधिक बार आने वाले मुख्यमंत्रियों में शीर्ष पर हैं।

एक महीने में यह उनका दूसरा और तीन महीनों के दरम्यान तीसरा दौरा है। कार्यक्रम के दौरान सहारनपुर विकास प्राधिकरण की मां शाकंभरी देवी आवासीय योजना का शिलान्यास किया जाएगा, जो जिले की बड़ी आवासीय परियोजनाओं में शामिल है।
इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग, जल निगम, स्मार्ट सिटी योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।

प्रमुख परियोजनाओं में स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत ढमोला नदी पर बने पुल का लोकार्पण, दिल्ली रोड पर हसनपुर से चुन्हैटी तक सड़क का उद्घाटन और हसनपुर भलस्वा में निर्मित पुल का लोकार्पण शामिल है।

इनके अलावा जल निगम की लगभग 105 करोड़ रुपये की परियोजना भी जनता को समर्पित की जाएगी, जिससे पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। बता दें कि इससे पहले मुख्यमंत्री ने चार अगस्त 2025 को भी सहारनपुर को 381 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी थी।

इस विधानसभा क्षेत्रों में इतने कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

विधानसभा क्षेत्र-----लोकार्पण---शिलान्यास

बेहट--------------40------17

सहारनपुर नगर------33-------19

देवबंद-----------30--------36

सहारनपुर देहात------27-------03

रामपुर मनिहारान-----27-------30

नकुड़------------23-------21

गंगोह------------20--------15