शिमला में सफर हुआ आसान: मुख्यमंत्री सुक्खू ने 'प्री-पेड टैक्सी सेवा' का किया आगाज़
Chief Minister Sukhu launches 'pre-paid taxi service'
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला के अंतर्राज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) टूटीकंडी से प्री-पेड टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। इस सुविधा के तहत यात्री आईएसबीटी टूटीकंडी स्थित प्री-पेड टैक्सी काउंटर से टैक्सी बुक करवा सकते हैं। काउंटर पर भुगतान करने के बाद ग्राहक को एक भुगतान पर्ची दी जाएगी, जिसे टैक्सी चालक को दिखाना अनिवार्य होगा। इसके बाद चालक यात्री को निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाएंगे। स्टेशन लौटने पर चालक उस पर्ची को काउंटर पर जमा करेगा और यात्रा का भुगतान प्राप्त करेगा।
किराया पहले ही अदा कर दिया जाएगा, इसलिए यात्रियों को किराये को लेकर चालकों के साथ किसी तरह की असुविधा या विवाद का सामना नहीं करना पड़ेगा।
चंडीगढ़ सहित शिमला में 26 जगह मिलेगी सुविधा
यह प्री-पेड टैक्सी सेवा शिमला शहर के भीतर 26 स्थानों को कवर करेगी, साथ ही चंडीगढ़ अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा और चंडीगढ़ शहर को भी इसमें शामिल किया गया है। इस सेवा में कुल 115 वाहन शामिल होंगे, जिनका संचालन टैक्सी यूनियन द्वारा किया जाएगा।
शिमला से चंडीगढ़ का किराया तय
आइएसबीटी शिमला से चंडीगढ़ शहर तक टैक्सी का किराया 3000 और मैक्सी कैब का 5000 रुपये तय किया है। आइएसबीटी शिमला से चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक टैक्सी का किराया 3500 और मैक्सी कैब का 5500 रुपये निर्धारित किया है।
प्वाइंट टू प्वाइंट आधार पर लागू होगा किराया
परिवहन विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि ये किराया प्री-पेड टैक्सियों द्वारा प्वाइंट टू प्वाइंट आधार पर लागू होगा। अभी तक टैक्सियां गाड़ियों के अनुसार किराया लेती हैं। जैसे इनोवा, आल्टो, स्विफ्ट जैसे वाहनों के लिए अलग-अलग किराये की दरें निर्धारित हैं। प्री-पेड टैक्सी का किराया सरकार निर्धारित करेगी व इसकी निगरानी भी सरकार करेगी।