पटना मेट्रो की 'रफ्तार' पर मुख्यमंत्री का जोर: जंक्शन और ISBT को जल्द जोड़ने का निर्देश; पंचायतों में लगेंगे CCTV
Chief Minister emphasizes Patna Metro's "speed"
पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को नगर विकास एवं आवास, पंचायती राज तथा पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने पटना मेट्रो रेल को लेकर कई निर्देश दिए। यह कहा कि पटना मेट्रो रेल के तहत अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) व राजेंद्रनगर टर्मिनल को पटना जंक्शन से जोड़ने का काम शीघ्र पूरा किया जाए।
तेजी से काम पूरा किया जाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के काम में तेजी लाते हुए ससमय पूर्ण करें। मलाही पकड़ी से राजेन्द्र नगर टर्मिनल तक जल्द से जल्द मेट्रो रेल परियोजना को पूर्ण करें। साथ ही पटना जंक्शन तक पटना मेट्रो का कार्य शीघ्र पूरा करें।
आईएसबीटी, राजेन्द्रनगर टर्मिनल तथा पटना जंक्शन से पटना मेट्रो रेल के आपस में जल्द जुड़ जाने से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी।
जो भी आधारभूत संरचना बन रहा व क्वालिटी का हो
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं को तेजी से पूर्ण करें। स्वच्छता, जलापूर्ति पर विशेष ध्यान दें। जो भी आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है वह सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण हो।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बचे हुए लोगों को तेजी से आवास उपलब्ध कराएं, ताकि शहरी क्षेत्र के बेघर परिवारों को पक्का आवास मिल सके।
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए पीपीपी मॉडल का उपयोग करें, ताकि कचरा का बेहतर प्रबंधन और सदुपयोग किया जा सके। एसटीपी को ठीक से फंक्शनल रखें। साथ ही गंगा नदी के किनारे एसटीपी जहां भी निर्माणाधीन है उसपर तेजी से काम करें। सीवरेज नेटवर्क का विस्तार कराएं।
शवदाह गृह वहीं बने जहां पहले से शवों का हो रहा अंतिम संस्कार
मुख्यमंत्री ने कहा कि शवदाह गृह व मोक्ष घाम का निर्माण उसी स्थान पर करायें जहां परम्परागत रूप से शवों का अंतिम संस्कार किया जाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत जो भी सोलर लाइट लगाए गए हैं, वे पूरी तरह फंक्शनल रहें, इसे सुनिश्चित करें।
इसके लिए एक मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित करें ताकि यह पता चल सके कि सोलर लाइट का संचालन बेहतर ढंग से हो रहा है। प्रत्येक ग्राम पंचायतों में सीसीटीवी का अधिष्ठापन सुनिश्चित कराएं।
इन्होंने दिया प्रेजेंटेशन
बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने प्रमुख केन्द्रीय योजनाओं, शहरों के मास्टर प्लान, रिजनल रैपिड ट्रांजिट प्रणाली, पटना मेट्रो, विज्ञापन नियमावली सहित अन्य कार्यों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी दी।
पंचायती राज विभाग के अपर सचिव आदित्य प्रकाश ने अपने विभाग से सबंधित कार्यों की अद्यतन स्थिति तथा प्रस्तावित योजनाओं के सबंध में जानकारी दी
गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने महाबोधि मंदिर कॉरिडोर, बोधगया तथा विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर, गयाजी के समग्र विकास से संबंधित योजना के संबंध में जानकारी दी।
ये रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह व पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेश परासर व कई अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।