BJP से अलग हुए अन्नामलाई; इस्तीफे से तमिलनाडु में भारी सियासी हलचल, IPS की नौकरी छोड़ राजनीति में ली थी एंट्री, पढ़ें
Tamil Nadu Annamalai Quits BJP Nitin Nabin Accepted resignation
Tamil Nadu Annamalai Quits BJP: तमिलनाडु में इस वक्त भारी सियासी हलचल देखी जा रही है। के. अन्नामलाई ने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। वहीं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अन्नामलाई का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। अन्नामलाई ने हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात भी की थी। उसी दौरान से अन्नामलाई के बीजेपी से अलग होने की चर्चाएं ज़ोरों पर थीं। माना जा रहा है कि बीजेपी से अलग रास्ता चुनने वाले 42 साल के अन्नामलाई कुछ बड़ा ऐलान करेंगे। ज्ञात रहे कि के. अन्नामलाई तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं।

तमिलनाडु में नई पार्टी बनाएंगे अन्नामलाई?
जिस हिसाब से अन्नामलाई ने बीजेपी से किनारा किया है। उससे यही माना जा रहा है कि बीजेपी से अलग मोर्चे के तहत वह तमिलनाडु में नई पार्टी बनाने जा रहे हैं. अन्नामलाई स्वतंत्र रूप से राजनीति में उतरने की योजना में हैं। बताया जा रहा है कि आज अन्नामलाई ने अपने समर्थकों को चेन्नई भी बुलाया है। जहां वह समर्थकों के साथ बैठक करेंगे और आगे का निर्णय लेंगे। सूत्रों के मुताबिक, अन्नामलाई नीतिगत और विचारत्मक तौर से बीजेपी के साथ अंदरूनी रूप से टकराव झेल रहे थे। बताया जाता है कि गृह मंत्री शाह से मुलाक़ात के दौरान उन्होंने तमिलनाडु बीजेपी की अंदरूनी स्थिति और अपनी चिंताओं को खुलकर रखा था। लेकिन उनकी बात नहीं बनी।
IPS की नौकरी छोड़ राजनीति में ली थी एंट्री
अन्नामलाई तमिलनाडु की राजनीति में एक चर्चित युवा नेता हैं। उन्हें आक्रामक चेहरा माना जाता है इसीलिए उनका अगला कदम सिर्फ बीजेपी ही नहीं बल्कि पूरे राज्य के राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। अन्नामलाई बेहतर रूप से एक पढ़े-लिखे नेता हैं। वह IIM लखनऊ से डिग्री होल्डर हैं। इसके साथ ही अन्नामलाई भारतीय पुलिस सेवा (IPS) 2011 बैच के अधिकारी रह चुके हैं। अन्नामलाई ने IPS की नौकरी छोड़ राजनीति में एंट्री ली थी। उन्होंने 2011 से लेकर 2019 में इस्तीफ़ा देने तक कर्नाटक राज्य पुलिस में काम किया।
अन्नामलाई के दिल में क्या?
राजनीतिक गलियारों में चल रही चर्चा के अनुसार, इस बार के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में साइडलाइन किए जाने से अन्नामलाई नाराज चल रहे थे। अन्नामलाई लगातार भाजपा के AIADMK के साथ गठबंधन का विरोध करते रहे हैं। माना जाता है कि बीजेपी ने AIADMK के चलते ही अन्नामलाई को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाया। अन्नामलाई ने 2021 से 2025 तक भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। इस दौरान वे एक जाना-पहचाना चेहरा बन गए। अप्रैल 2025 में, भाजपा ने AIADMK के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने के लिए कथित तौर पर नैनार नागेंद्रन को उनकी जगह अध्यक्ष बना दिया था।
कहा जाता है कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में बीजेपी ने अन्नामलाई को नजरअंदाज किया। चुनाव प्रचार के दौरान उनकी अनदेखी की गई। साथ ही पार्टी के महत्वपूर्ण निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में उन्हें दरकिनार किया गया। वहीं अन्नामलाई के बीजेपी के साथ नीतिगत मतभेद बढ़ते जा रहे थे। अन्नामलाई ने बीजेपी की कुछ नीतियों पर भी आपत्ति जताई थी। चुनावी रणनीति, गठबंधन प्रबंधन, उम्मीदवार चयन और सीट बंटवारे की व्यवस्था को लेकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ अन्नामलाई के मतभेद की बातें भी सामने आईं।
तमिलनाडु के CM बने थलापति विजय
गौरतलब है कि हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में डीएमके की सत्ता राज्य से उखड़ चुकी है और TVK ने नई सरकार बनाई है। साउथ फिल्मों के सुपरस्टार थलापति विजय तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बने हैं। बहुमत से कुछ कम सीटें मिल पाने के कारण काँग्रेस और अन्य दलों के समर्थन से विजय तमिलनाडु में अपनी सरकार बनाई है। थलापति विजय तमिलनाडु में लोगों के बीच काफी लोकरप्रिय हैं और सीएम बनते ही राज्य के लोगों के लिए कई बड़े फैसले लेते हुए देखे जा रहे हैं। सीएम विजय का कहना है कि वह तमिलनाडु के बदलाव के लिए सरकार में आए हैं।