चंडीगढ़ प्रशासन में एक और दानिक्स अफसर की जॉइनिंग; डॉ. अतुल को 3 अहम विभागों की जिम्मेदारी मिली, यहां देखिए जारी आदेश
DANICS Dr. Atul Nivruttirao Dhakne Joins Chandigarh Administration
Chandigarh Administration: चंडीगढ़ प्रशासन में एक और दानिक्स कैडर अफसर डॉ. अतुल निवृत्तिराव ढाकणे की नियुक्ति हुई है. वहीं चंडीगढ़ प्रशासन में जॉइनिंग के बाद डॉ. अतुल को 3 अहम विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है. मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद की ओर से सोमवार (29 जून) को जारी आदेश के अनुसार, डॉ. अतुल को चंडीगढ़ का नया आयुष निदेशक नियुक्त किया गया है. इसके अलावा उन्हें जॉइंट डायरेक्टर (एडमिन), गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) और एडिशनल डायरेक्टर, स्पोर्ट्स का कार्यभार सौंपा गया है.
चंडीगढ़ में यूटी कैडर का दबदबा बढ़ रहा!
केंद्रीय सेवा नियमों के लागू होने के बाद चंडीगढ़ में यूटी कैडर का दबदबा लगातार बढ़ते हुए देखा जा रहा है और पंजाब व हरियाणा कैडर के अधिकारियों की संख्या सीमित होते हुए देखी जा रही है. केंद्र सरकार द्वारा चंडीगढ़ प्रशासन में डॉ. अतुल की नियुक्ति के बाद पहली बार यहां DANICS अधिकारियों की संख्या एक साथ पांच हो गई है। चंडीगढ़ प्रशासन में लगातार केंद्र सरकार द्वारा कहीं AGMUT तो कहीं दानिक्स-दानिप्स कैडर के अफसर नियुक्त किए जा रहे हैं. ऐसे में पंजाब और हरियाणा से बाहर के अफसरों की बढ़ती नियुक्ति को लेकर सवाल भी उठते हैं. पंजाब और हरियाणा सरकार द्वारा चंडीगढ़ में अपनी हिस्सेदारी की बात रखी जाती है.
