चंडीगढ़ में बदला मौसम का मिज़ाज: बारिश और ठंडी हवाओं से बढ़ी ठिठुरन
Weather has changed in Chandigarh
चंडीगढ़। Weather has changed in Chandigarh: चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से ही शहर के कई इलाकों में घने बादल छाए रहे। रुक-रुक कर हो रही बारिश और ठंडी हवाओं के कारण दिनभर मौसम ठंडा बना रहा। बदले मौसम से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं ठिठुरन का अहसास भी लगातार बना रहा। सुबह से हो रही हल्की से मध्यम बारिश के कारण लोगों को दैनिक कामकाज में परेशानी का सामना करना पड़ा। दफ्तर जाने वाले कर्मचारी और बाजारों में निकलने वाले लोग छाते और रेनकोट के सहारे नजर आए। कई स्थानों पर सड़कों पर पानी जमा होने से यातायात भी धीमा रहा।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। बीते 24 घंटों के दौरान शहर में कुल 5.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। ऐसे में 1 जनवरी से अब तक शहर में 59.7 एमएम बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 64.6 फीसदी अधिक है। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इस तरह दिन और रात के तापमान में महज 5 डिग्री का अंतर दर्ज किया गया, जिससे पूरे दिन ठंडक बनी रही।
फिर से बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान:
मौसम विभाग ने बताया कि चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला समेत आसपास के इलाकों में अगले दो से तीन दिनों के लिए कोहरे का येलो अलर्ट है। इसके बाद 1 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इस दौरान गरज के साथ बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है।
सावधानी बरतने की अपील:
तेज हवाओं और बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खुले स्थानों में खड़े होने से बचने, पेड़ों और कमजोर ढांचों के नीचे शरण न लेने की अपील की गई है। वाहन चालकों को फिसलन भरी सड़कों पर सावधानी बरतने और धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बारिश का यह दौर रुक-रुक कर जारी रह सकता है। इससे आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। हालांकि बदले मौसम से शहरवासियों को गर्मी से राहत मिली है और मौसम सुहावना बना हुआ है।
आगे मौसम का हाल:
-बुधवार को अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
-वीरवार को अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
-शुक्रवार को अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।